अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ देखने पहुंचे बुजुर्ग की मौत, अब तक नहीं हुई पहचान

बुधवार शाम को घोड़ा रेस देखने पहुंचे एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस ने बुजुर्ग को बेहोशी की हालत में कंधे पर उठाकर बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया,

Tnp desk: विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को धूमधाम से संपन्न हुई. शादी समारोह के दौरान गांव में भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से घुड़सवार पहुंचे थे.प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे.भीड़ इतनी अधिक हो गई कि सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए घुड़दौड़ प्रतियोगिता को टालना पड़ा.

इसी कड़ी में बुधवार शाम को घोड़ा रेस देखने पहुंचे एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस ने बुजुर्ग को बेहोशी की हालत में कंधे पर उठाकर बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

इलाज करने वाले चिकित्सक डॉ. रोहन कुमार ने बताया कि पुलिस बुजुर्ग को अस्पताल लेकर पहुंची थी, लेकिन जांच के दौरान उनकी मौत की पुष्टि हुई. फिलहाल बुजुर्ग की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है.

मृतक की जेब से मिले 2,120 रुपये

वहीं मृतक की पहचान भी अब तक नहीं हो सकी है.पुलिस ने उनकी पहचान के लिए जेब की तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ. मृतक की जेब से महज 2,120 रुपये नकद मिले हैं.

प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि घोड़ा रेस देखने के दौरान उमड़ी भीड़ में दबने से बुजुर्ग की मौत हुई होगी.हालांकि, मौत की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है.