ये कैसी अंतिम यात्रा है जी! पिता का हुआ निधन तो बेटे ने आर्केस्ट्रा के साथ बजवाया बैंड-बाजा

अररिया(ARARIYA):जब भी किसी के घर में किसी की मृत्यु हो जाती है, तो वहां रोने-चिल्लाने और मातम का माहौल होता है. लेकिन आज हम आपको एक ऐसी अंतिम यात्रा की तस्वीर दिखाएंगे, जहां रोने-चिल्लाने की जगह बैंड-बाजा बजवाया जा रहा है, वहीं आर्केस्ट्रा भी करवाया जा रहा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग हैरान हैं कि यह कैसी शवयात्रा है, लेकिन यह सच है. पूरा मामला बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले का है.जहां नौतन प्रखंड क्षेत्र स्थित डबरिया मकरीटोला में एक बुजुर्ग की अंतिम यात्रा का अनोखा नजारा चर्चा का विषय बना हुआ है.

 बेटे ने बजवाया बैंड-बाजा, करवाया आर्केस्ट्रा

बताया जा रहा है कि मृतक छठु पटेल की अंतिम यात्रा सामान्य शवयात्राओं से अलग रही. उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे की व्यवस्था की गई थी. इतना ही नहीं, अंतिम यात्रा के दौरान आर्केस्ट्रा डांस भी कराया गया.बताया गया कि अंतिम यात्रा में आगे-आगे मृतक की शवयात्रा चल रही थी, जबकि पीछे आर्केस्ट्रा कलाकार प्रस्तुति देते हुए चल रहे थे. इस दौरान बज रहे संगीत और कलाकारों की प्रस्तुति को देखने के लिए सड़क के किनारे बड़ी संख्या में लोग जुट गए. देखते ही देखते यह अनोखी अंतिम यात्रा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

पिता की इच्छा थी कि....

मृतक के पुत्र मुकेश पटेल ने बताया कि उनके पिता की इच्छा थी कि उनकी अंतिम विदाई गम और मातम के माहौल में न होकर उत्सव की तरह हो. पिता की इसी इच्छा को पूरा करने के लिए परिवार ने ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और आर्केस्ट्रा के साथ अंतिम यात्रा निकालने का निर्णय लिया.हालांकि, अंतिम संस्कार के दौरान आर्केस्ट्रा और डांस कराने को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं. कुछ लोग इसे परंपरागत अंतिम संस्कार से अलग मान रहे हैं, जबकि परिवार इसे मृतक की अंतिम इच्छा के सम्मान में दी गई विदाई बता रहा है. फिलहाल, डबरिया मकरीटोला की यह अनोखी अंतिम यात्रा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.