मोतिहारी (MOTIHARI):बिहार के मोतिहारी जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक खबर सामने आई है, जिसने एक बार फिर बिहार में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.बताया जा रहा है कि सरकारी अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक महिला सुरक्षा गार्ड से उसी अस्पताल में तैनात एंबुलेंस सहायक ने छेड़छाड़ की.जानकारी के मुताबिक, वह पिछले कई दिनों से महिला सुरक्षा गार्ड को परेशान कर रहा था. जब उसकी हरकतें हद से आगे बढ़ गईं, तो महिला सुरक्षा गार्ड ने उसे सबक सिखाने की ठानी और उसकी जमकर धुनाई कर दी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि महिला सुरक्षा गार्ड और एंबुलेंस सहायक के बीच नोकझोंक हो रही है. यह मामला जिले के पताही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है.बताया जाता है कि अस्पताल का कर्मी शुभम कुमार वहां तैनात महिला सुरक्षा गार्ड पर बार-बार आपत्तिजनक टिप्पणी करता था.जब मामला हद से आगे बढ़ गया, तो महिला गार्ड ने इसका विरोध किया.
नोंकझोंक के बाद मारपीट तक पहुंची बात
इस दौरान दोनों के बीच नोकझोंक हुई, जो मारपीट तक पहुंच गई. इसके बाद अस्पताल में तैनात अन्य कर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. अब देखने वाली बात होगी कि इस मामले के सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन एंबुलेंस सहायक के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है.

