पुरानी रंजिश में रणक्षेत्र बना गांव, जमकर चले लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर, मारपीट का वीडियो वायरल
मोतिहारी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पट्टीदार परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई है जहां देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े. इस हिंसक झड़प में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच खुलेआम मारपीट होती दिखाई दे रही है.
मोतिहारी (MOTIHARI): मोतिहारी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पट्टीदार परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई है जहां देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े. इस हिंसक झड़प में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच खुलेआम मारपीट होती दिखाई दे रही है.
मामला सुगौली थाना क्षेत्र के उत्तरी छपरा बहास पंचायत अंतर्गत भवानीपुर गांव का है. जानकारी के अनुसार, दो पट्टीदार परिवारों के बीच किसी पुरानी रंजिश को लेकर पहले कहासुनी हुई. इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर भी फेंके गए. अचानक हुई इस मारपीट से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इस घटना में एक पक्ष के पल्टू सहनी, मुनीलाल सहनी, भोलालाल सहनी, अकलू सहनी, चंदन सहनी, राजेंद्र सहनी और बिट्टू कुमारी समेत कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. वहीं, दूसरे पक्ष के भी तीन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है. सभी घायलों को इलाज के लिए सुगौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. इनमें कई लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर किया गया.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है. वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोगों को एक-दूसरे पर लाठी-डंडे चलाते और ईंट-पत्थर फेंकते देखा जा सकता है. मारपीट के दौरान कई लोग जमीन पर गिरते भी नजर आ रहे हैं. वहीं, स्थानीय लोग घायलों को पानी पिलाते और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की तैयारी करते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, वायरल वीडियो में दिख रही पूरी घटना और मारपीट के कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
इस मामले में सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को आवेदन प्राप्त हुए हैं. पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है. फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच में जुटी है.