मोतिहारी(MOTIHARI):इंडो नेपाल बॉडर रक्सौल में तैनात सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता मिली है.जहां हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक स्थित भारत-नेपाल मैत्री पुल के समीप भारत से नेपाल जाने के दौरान दो उज्बेकिस्तानी महिला नागरिकों को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में हिरासत में लिया गया.जानकारी के अनुसार, सीमा पर तैनात एसएसबी के जवानों ने नियमित जांच के दौरान दोनों महिलाओं को संदेह के आधार पर रोका.पूछताछ एवं दस्तावेजों की जांच में उनके भारत में अवैध रूप से रहने की आशंका सामने आने पर एसएसबी ने उन्हें हिरासत में लेकर हरैया थाना पुलिस को सौंप दिया.
महिलाओं से जुड़े सभी पहलुओं की हो रही है जांच
हिरासत में ली गई महिलाओं की पहचान मखफूजा देखकोनोवा (32 वर्ष), पिता–मखमदजोन, निवासी फेजगाना, जिला क्यूकोन, फरगना, उज्बेकिस्तान तथा मफतुना किलिचेवा (35 वर्ष), पिता–बखोदिरोवना, निवासी जो'जाओबोड, जिला पयारी, समरकंद, उज्बेकिस्तान के रूप में हुई है.पुलिस दोनों महिलाओं के यात्रा दस्तावेज, वीजा, भारत में प्रवेश एवं ठहरने की अवधि सहित अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है.
जांच में उनके भारत में अवैध रूप से रहने की बात का खुलासा
प्रारंभिक जांच में उनके भारत में अवैध रूप से रहने की बात सामने आई है.मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.सीमा सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि दोनों महिलाएं भारत में कब और किस उद्देश्य से आई थीं तथा नेपाल जाने के पीछे उनका क्या उद्देश्य था.

