छठ पर साथ-साथ की पूजा, फिर घर से बुलाकर चाकू से गोद डाला, दर्दनाक मौत

सोमवार को पूर्वी चंपारण से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. छठ घाट से लौटने के बाद एक व्यक्ति ने एक युवक को घर से बुला कर चाकुओं से गोद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई

छठ पर साथ-साथ की पूजा, फिर घर से बुलाकर चाकू से गोद डाला, दर्दनाक मौत

मोतिहारी: सोमवार को पूर्वी चंपारण से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. छठ घाट से लौटने के बाद एक व्यक्ति ने एक युवक को घर से बुला कर चाकुओं से गोद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपी को पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया और अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है. घटना पूर्वी चंपारण के सुगौली थाना क्षेत्र के करमवा वार्ड संख्या 4 की है जबकि मृतक की पहचान स्थानीय चन्द्रकिशोर यादव के रूप में की गई वहीं आरोपी ज्वाला प्रसाद है.

आसपास में ही है घर

बताया जाता है कि दोनों का घर करीब 500 मीटर की दूरी पर है. लोगों ने बताया कि सोमवार की सुबह दोनों के परिवार ने एक ही छठ घाट पर अर्घ्य दिया और इसके बाद सभी लोग अपने अपने घर आ गए. आरोप है कि ज्वाला प्रसाद घर पहुंचने के बाद मृतक के घर के बाहर आया और आवाज दे कर बाहर बुलाया तथा उसके ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से जख्मी चन्द्रकिशोर की मौके पर हो मौत ही गई. घटना के दौरान चीखने की आवाज सुन मृतक के परिजन बाहर आए और आरोपी को पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी.

आरोपी की पिटाई

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी. इसके साथ ही आरोपी को भी जख्मी हालत में हिरासत में लिया तथा इलाज के लिए भेज दिया. घटना के बाद आरोपी के परिवार के लोगों में भी डर का माहौल है और वह अभी कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं.

2 वर्षों से था विवाद

घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक तथा आरोपी के बीच एक शीशम के पेड़ को लेकर करीब 2 वर्षों से विवाद चल रहा था. दोनों ही परिवार पेड़ पर अपना दावा कर रहे थे, जिसकी वजह से मामला कोर्ट तक पहुंच गया था. रविवार को भी आरोपी मृतक के घर पर पहुंच कर हंगामा किया था.

गांव में पुलिस बल तैनात

घटना की जानकारी मिलने के बाद सुगौली थाना की पुलिस समेत सदर डीएसपी 1 दिलीप कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि जमीन विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है. फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की तैनाती की गई है. परिजनों के द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.