तेज रफ्तार के कहर में स्कार्पियो के उड़े परखच्चे, हादसे में दो की मौत, दो गंभीर
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मोतिहारी-अरेराज पथ पर हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट स्थित धर्मकांटा के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की सड़क किनारे खड़े मक्का लदे ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई.
मोतिहारी (MOTIHARI): बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मोतिहारी-अरेराज पथ पर हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट स्थित धर्मकांटा के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की सड़क किनारे खड़े मक्का लदे ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में स्कॉर्पियो सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक क्षतिग्रस्त गाड़ी के अंदर फंस गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चारों युवकों को गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सेवराहा गांव के चार दोस्त अपनी निजी स्कॉर्पियो से मोतिहारी के एक सिनेमा हॉल में फिल्म देखने जा रहे थे. इसी दौरान गायघाट चौक से कुछ आगे धर्मकांटा के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े मक्का लदे ट्रैक्टर से टकरा गई. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए. घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाने की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चारों युवकों को क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से बाहर निकाला.
पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मनु कुमार सिंह और शुभम कुमार को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल आदित्य कुमार सिंह को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है. वहीं, चौथे घायल युवक की पहचान की जानकारी सामने नहीं आई है.
बताया जाता है कि मानिकपुर हसुआहा निवासी आदित्य कुमार सिंह शाम को बाइक से अपने दोस्त मनु कुमार सिंह उर्फ अंकित के सेवराहा स्थित सीएसपी सेंटर पहुंचे थे. वहां शुभम कुमार और उनका एक अन्य दोस्त भी मौजूद था. चारों दोस्तों ने मोतिहारी जाकर फिल्म देखने का प्लान बनाया. इसके बाद हंसी-मजाक करते हुए नाश्ता-पानी किया और मनु की स्कॉर्पियो से मोतिहारी के लिए निकल पड़े. हालांकि, उनकी यह खुशी कुछ ही देर में मातम में बदल गई. गायघाट के पास हुए हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान चड़रहिया पंचायत के पूर्व मुखिया मुरारी सिंह के पुत्र मनु कुमार सिंह और सेवराहा निवासी अजय सिंह के पुत्र शुभम कुमार के रूप में हुई है. मनु की शादी हाल ही में पश्चिम चंपारण में तय हुई थी. परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. बेटे की मौत से पूर्व मुखिया मुरारी सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है. शुभम के परिवार में भी शोक की लहर है. जवान बेटे की मौत से परिजन सदमे में हैं. हादसे की खबर फैलते ही सेवराहा समेत आसपास के गांवों में शोक का माहौल छा गया. मानिकपुर हसुआहा की मुखिया कस्तूरी खान सहित ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताया है.
हरसिद्धि के अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है. दोनों शवों का रात में ही पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.