मोतिहारी: पैसों के लालच में कलयुगी बेटे ने ली मां की जान, फिर रची लूट और अपहरण की ऐसी झूठी कहानी की...

मोतिहारी: पैसों के लालच में कलयुगी बेटे ने ली मां की जान, फिर रची लूट और अपहरण की ऐसी झूठी कहानी की...

मोतिहारी (MOTIHARI):एक मां अपने बच्चे को पालने-पोसने में पूरी जिंदगी बिता देती है, लेकिन यही बच्चे जब बड़े होते हैं तो कभी-कभी अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए मां-बाप की जान के दुश्मन बन जाते हैं. वे अपने ही मां-बाप की जान लेने से भी पीछे नहीं हटते. ताजा मामला मोतिहारी जिले से सामने आया है, जहां एक कलयुगी पुत्र ने अपनी ही मां को जान से मार दिया.मोतिहारी में पुत्र ने पैसों के लालच में अपनी ही मां की हत्या कर लूट और अपहरण का नाटक रच दिया. हत्या की घटना में मोतिहारी पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान करते हुए महज 12 घंटे के अंदर हत्या का राज खोलते हुए पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है. घटना में प्रयुक्त तेज धारदार डैगर चाकू के साथ 89,650 रुपये बरामद किए गए हैं.

पैसे को लेकर बेटे ने ली जान

हत्या मामले में मृतका नजमा खातून अपने पुत्र आलम हुसैन के साथ अरेराज बैंक से 45 हजार रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी. इसी दौरान खोरी-पाकड़ चिमनी के पास चार अपराधियों द्वारा दोनों को रोककर मारपीट करने और नजमा खातून को पैसे सहित उठा ले जाने की बात सामने आई. मामले की सूचना मिलने के बाद हरसिद्धि थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई.मामला गंभीर होने के कारण मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने घटनास्थल से लेकर आने-जाने वाले रास्तों की जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले. यहीं से पुलिस को कहानी में पहला बड़ा पेंच नजर आया.सीसीटीवी फुटेज में मृतका और उसका पुत्र ही सेवराहा की ओर जाते दिखाई दिए. पीछे से किसी संदिग्ध व्यक्ति के आने की बात भी सामने नहीं आई. इसके बाद पुलिस ने मृतका के पुत्र आलम हुसैन से पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान उसके बयान में लगातार विरोधाभास सामने आने लगा.

आरोपी ने डैगर से उसकी हत्या कर दी

पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतका और आलम हुसैन की चप्पल भी मिलीं. वहीं, आलम हुसैन के शरीर पर चोट के निशान और घटना के समय पहने कपड़ों पर खून के धब्बे मिले. इसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया.लगातार पूछताछ के बाद पुलिस के अनुसार, आलम हुसैन ने घटना का खुलासा किया. उसने बताया कि वह अपनी मां से पैसे निकालने के लिए अरेराज गया था. बाद में उसने एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल मांगी और अरेराज से डैगर खरीदा. सेवराहा में मां का इंतजार करने के बाद उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर खोरी-पाकड़ चिमनी के पास ले गया.वहां उसने अपनी मां को ईख के खेत में चावल का बोरा रखे होने की बात बताई. मांf जब चावल लाने के लिए खेत की ओर गई तो आरोपी ने डैगर से उसकी हत्या कर दी. इसके बाद उसके पास मौजूद 45 हजार रुपये ले लिए और डैगर सहित अन्य सामान ईख के खेत में फेंक दिया.

घटना को लूट और अपहरण का रूप देने के लिए झूठी कहानी तैयार की

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने घटना को लूट और अपहरण का रूप देने के लिए झूठी कहानी तैयार की. वह सड़क पर लेटकर रोने लगा और ग्रामीणों को बताया कि अपराधियों ने उसकी मां को पैसे सहित उठा लिया है.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे में पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया. आरोपी आलम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना में प्रयुक्त खून लगा डैगर चाकू भी बरामद किया गया है. पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.इस पूरी कार्रवाई में पुलिस की जांच, सीसीटीवी फुटेज और आरोपी के बयानों में मिले विरोधाभास ने हत्या की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई.