सावन की पहली सोमवारी पर मोतिहारी में मातम, बागमती नदी में डूबे दो किशोर, तलाश जारी
श्रावण की पहली सोमवारी पर मोतिहारी के देवापुर संगम घाट पर बागमती नदी में स्नान के दौरान दो 17 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गए. सूचना मिलते ही प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है.
मोतिहारी (MOTIHARI):बिहार के मोतिहारी जिले से हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां बागमती नदी में स्नान करने के दौरान दो नाबालिग बच्चे डूब गए. दोनों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.श्रावण मास की प्रथम सोमवारी के अवसर पर जलबोझी के लिए नेपाल से आने वाली बागमती नदी के देवापुर संगम घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. जिले के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे थे. इसी दौरान स्नान करते समय दो किशोर गहरे पानी में डूब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
श्रावण की पहली सोमवारी पर मोतिहारी में मातम
जानकारी के अनुसार, पचपकड़ी थाना क्षेत्र के ललबेगिया गांव निवासी 17 वर्षीय कमलेश कुमार और 17 वर्षीय रौशन कुमार जलबोझी के लिए बागमती नदी में स्नान करने उतरे थे. स्नान के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी में डूब गए. साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय नाविकों ने तुरंत खोजबीन शुरू की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका.घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी रितेश रंजन सेठ और पचपकड़ी थाना प्रभारी उत्तम कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. प्रशासन ने तत्काल एनडीआरएफ की टीम को बुलाया, जिसके बाद बोट की मदद से नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
दोनों किशोरों की तलाश
हादसे के बाद देवापुर संगम घाट पर सैकड़ों ग्रामीण और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई. अंचलाधिकारी ने बताया कि दोनों किशोरों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम लगातार अभियान चला रही है. फिलहाल दोनों का पता नहीं चल सका है.