मोतिहारी: तीन छात्राओं को मानव तस्करी के चंगुल से पुलिस ने बचाया, 48 घंटे में गोरखपुर से बरामद
मोतिहारी के हरसिद्धि से लापता तीन छात्राओं को पुलिस ने 48 घंटे में गोरखपुर से सकुशल बरामद कर लिया. मामले में एक युवक गिरफ्तार हुआ है और पुलिस मानव तस्करी के एंगल से जांच कर रही है.
मोतीहारी (MOTIHARI): पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि थाना क्षेत्र से खबर सामने आई है जहाँ एक साथ लापता हुई तीन छात्राओं को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सकुशल बरामद कर लिया है. मामले में पुलिस ने शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी चंदन कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस को आशंका है कि मामला मानव तस्करी या चाइल्ड ट्रैफिकिंग से जुड़ा हो सकता है. गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है और उसके मोबाइल फोन की हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं.
जानकारी के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को हरसिद्धि थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी बेटी समेत गांव की दो अन्य छात्राओं के हरसिद्धि बाजार से लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी. शिकायत मिलते ही मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की और छात्राओं को जल्द से जल्द बरामद करने का निर्देश दिया. इसके बाद हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई. जांच के दौरान छात्राओं के गोरखपुर पहुंचने की जानकारी मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन से तीनों को सकुशल बरामद कर लिया.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों छात्राएं सुगौली से ट्रेन के जरिए मुजफ्फरपुर पहुंची थीं, जहां उनकी मुलाकात चंदन कुमार से हुई. आरोप है कि चंदन ने उन्हें बेहतर और शान-शौकत वाली जिंदगी का सपना दिखाकर अपने झांसे में लिया और पहले सीतामढ़ी तथा फिर गोरखपुर लेकर गया. हालांकि मामले की पूरी सच्चाई पुलिस की विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगी. अरेराज प्रभारी डीएसपी प्रियंका कुमारी ने बताया कि तीनों छात्राओं को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है, जबकि आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब पूरे मामले के नेटवर्क और अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.