दिवाली की रात नाबालिग की संदिग्ध मौत, परिजनों ने शव को लगाया ठिकाने, 3 दिन बाद पुलिस ने किया बरामद, फिर...
नाबालिग की मौत के तीन दिन बाद पुलिस ने शव को जमीन खोद कर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले को लेकर पुलिस हत्या और आत्महत्या के दृष्टिकोण से छानबीन कर रही है.
पूर्वी चंपारण: पूर्वी चंपारण में प्रेम प्रसंग में पड़ी एक नाबालिग की संदिग्ध मौत हो गईं जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है. नाबालिग की मौत के तीन दिन बाद पुलिस ने शव को जमीन खोद कर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले को लेकर पुलिस हत्या और आत्महत्या के दृष्टिकोण से छानबीन कर रही है. घटना पूर्वी चंपारण के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलहरा कला गांव की है. मामले में बताया जा रहा है कि दिवाली की रात नाबालिग के प्रेम प्रसंग की जानकारी परिवार को मिलने पर उसे डांट पड़ी थी जिसके कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई. किशोरी की मौत के बाद परिजनों में रात के अंधेरे में शव को गड्ढा खोद दफना दिया. हालांकि पुलिस को मामले की सूचना मिल गई और अब छानबीन शुरू कर दी गई है.
प्रेम प्रसंग की जानकारी पर पड़ी थी डांट
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दिवाली की रात नाबालिग किशोरी के प्रेम प्रसंग की जानकारी परिवार को मिली जिसके बाद परिवार के लोगों ने उसे डांटा. बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद ही नाबालिग ने जहर खा लिया जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद परिजनों ने रात में एक सुरक्षित स्थान पर गड्ढा खोद कर शव को दफना दिया. बाद में पुलिस को सूचना मिलने के बाद छानबीन शुरू की गई और डॉग स्क्वाड की मदद से शव बरामद की गई. फिलहाल पुलिस नाबालिग की मौत मामले में परिवार की भूमिका की जांच में जुट गई है.
परिवार के लोगों ने शव को लगाया ठिकाने
मामले में पुलिस ने मृतिका के छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की है जिसमें उसने प्रेम प्रसंग का पता चलने पर डांटे जाने और उसके बाद खुद ही जहर खाने की बात बताई है. मृतिका के भाई ने बताया कि उसकी बहन का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसकी जानकारी परिवार के लोगों को दिवाली की रात मिली थी. बताया जा रहा है कि किशोरी की मौत की सूचना परिजनों ने पुलिसिया कार्रवाई और सामाजिक बदनामी के डर से नहीं दी और खुद ही शव को ठिकाने लगा दिया. घटना को लेकर कुंडवा चैनपुर थानाध्यक्ष अमन कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद डॉग स्क्वाड की मदद से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या के बिंदु पर मामले की छानबीन कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि शव करीब तीन दिन पुराना है और वह सड़ गया है. फिलहाल पूरे मामले की छानबीन की जा रही है.