भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

पूर्वी चंपारण (PURVI CHAMPARAN):  जिले के रक्सौल स्थित भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में हरैया थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है जिसके तहत करीब 3.5 क्विंटल नेपाली गांजा यानी लगभग 1 करोड़ जब्त किया है. इस कार्रवाई के दौरान अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये है. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद पुलिस ने सीमा क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस जांच में सामने आया है कि नेपाल से गांजे की यह खेप पटना नंबर की एक गाड़ी से लाई जा रही थी और इसे छपरा पहुंचाने की तैयारी थी. गिरफ्तार चालक मुजफ्फरपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है. प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को तस्करी के एक बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं, जिसके तार बिहार के चार जिलों से जुड़े होने की आशंका है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से तस्करी गिरोह के कई अहम राज सामने आ सकते हैं.

इसके साथ ही हरैया थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. पुलिस तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए लगातार पूछताछ कर रही है. साथ ही सीमा क्षेत्र में निगरानी और सघन जांच अभियान भी तेज कर दिया गया है ताकि भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.