पूर्वी चंपारण में शिक्षक नाबालिग छात्रा को ले जा रहे थे नेपाल, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया भारी बवाल

पूर्वी चंपारण से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक शिक्षक की करतूत की वजह से गांव के लोग आक्रोशित हो गए और भारी बवाल किया. हालांकि मामले में एसएसबी ने आरोपी शिक्षक को धर दबोचा है

पूर्वी चंपारण में शिक्षक नाबालिग छात्रा को ले जा रहे थे नेपाल, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया भारी बवाल

पूर्वी चंपारण: पूर्वी चंपारण से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक शिक्षक की करतूत की वजह से गांव के लोग आक्रोशित हो गए और भारी बवाल किया. हालांकि मामले में एसएसबी ने आरोपी शिक्षक को धर दबोचा है लेकिन ग्रामीणों का अक्रोश भी थमने का नाम नहीं ले रहा. ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर टायर जला कर विरोध प्रदर्शन किया. हालांकि पुलिस ने लोगों को समझा कर मामला शांत कराया और गांव में फिलहाल शांति व्यवस्था जारी रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है. बताया जा रहा है कि एक शिक्षक अपनी ही स्कूल की नौंवीं कक्षा की छात्रा को बहला फुसला कर नेपाल जा रहा था. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि शिक्षक नाबालिग छात्रा को लेकर नेपाल क्यों जा रहा था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है.

जानकारी के अनुसार आरोपी शिक्षक की पहचान मोहम्मद कासिम के रूप में की गई है. एसएसबी ने शिक्षक को पूछताछ के बाद महुअवा थाना की पुलिस के हवाले कर दिया है. अब पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है. घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और लखौरा स्थित विद्यालय में भारी बवाल शुरू कर दिया. आक्रोशित ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने विद्यालय परिसर के बाहर सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और जमकर विरोध प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क को जाम कर दिया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कवायद में जुट गई. इस दौरान लोगों ने प्रधान शिक्षक पर सवाल खड़े किए और मामले में स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच की मांग की. लोगों ने प्रधान शिक्षक के इस्तीफे की भी मांग की. बढ़ते तनाव और हंगामे को नियंत्रित करने के लिए पुलिस सुरक्षा के बीच विद्यालय के प्रधान शिक्षक और किरानी को अपने साथ थाने ले गई. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.