अवैध कारतूस फैक्ट्री का भंडाफोड़, 500 से अधिक कारतूस बरामद, चार गिरफ्तार

मोतीहारी (MOTIHARI): जिले में पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध कारतूस फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक अर्धनिर्मित कारतूस और बुलेट बरामद किए हैं. इसके अलावा कारतूस बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, उपकरण और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के विभिन्न इलाकों में अवैध रूप से कारतूस बनाने का कारोबार संचालित किया जा रहा है. सूचना की पुष्टि होने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर चकिया डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और कार्रवाई की योजना बनाई गई.

पुलिस टीम ने मेहसी, चकिया, मधुबन, गड़हिया और फेनहारा थाना क्षेत्रों में एक साथ संयुक्त छापेमारी की. अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली और भारी मात्रा में अर्धनिर्मित कारतूस, बुलेट तथा कारतूस निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई. इस कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें अवैध फैक्ट्री का संचालक श्रीकांत सिंह भी शामिल है. पुलिस के अनुसार श्रीकांत सिंह पहले भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि तैयार किए जा रहे कारतूस किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कारतूस बनाने की मशीन, मेटल शीट, गन पाउडर, नाइट्रिक एसिड, रेड फास्फोरस, एसीटोन, चारकोल सहित कई रासायनिक पदार्थ और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं. इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ चकिया और पकड़ीदयाल ने किया, जबकि मेहसी, चकिया, मधुबन, गड़हिया और फेनहारा थाना पुलिस के साथ जिला खुफिया इकाई (DIU) की टीम भी शामिल रही. पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध कारतूस निर्माण का यह कारोबार कब से संचालित हो रहा था और इसके तार किन अपराधियों या गिरोहों से जुड़े हुए हैं. आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.