बिहार: बड़े भाई ने छोटे भाई पर, धारदार हथियार किया हमला, हत्या से इलाके में फैली सनसनी

मोतिहारी में शराब तस्करी को लेकर दो भाइयों के बीच हुए विवाद में छोटे भाई की हत्या कर दी गई. पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है.

बिहार: बड़े भाई ने छोटे भाई पर, धारदार हथियार किया हमला, हत्या से इलाके में फैली सनसनी

पूर्वी चंपारण (EAST CHAMPARAN): मोतिहारी में शराब तस्करी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया. नगर थाना क्षेत्र के तेलिया पट्टी वार्ड नंबर-19 में शनिवार देर रात दो भाइयों के बीच विवाद के बाद छोटे भाई की हत्या कर दी गई. आरोप है कि बड़े भाई ने धारदार हथियार से हमला कर अपने छोटे भाई को मौत के घाट उतार दिया. घटना के बाद नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है.

मृतक की पहचान स्वर्गीय काली प्रसाद के 22 वर्षीय बेटे अनुराग कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पिता के निधन के बाद दोनों भाई साथ रह रहे थे. इसी दौरान बड़े भाई गुरूर के शराब तस्करी से जुड़े होने की बात सामने आई. छोटे भाई अनुराग को कथित तौर पर यह गतिविधि पसंद नहीं थी और वह लगातार इसका विरोध करता था. इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात कही जा रही है.

शनिवार रात भी शराब तस्करी के मुद्दे पर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई. कुछ ही देर में बहस ने गंभीर रूप ले लिया और दोनों के बीच झड़प हो गई. आरोप है कि इसी दौरान बड़े भाई ने धारदार हथियार से अनुराग पर हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

रविवार सुबह जब परिजनों और आसपास के लोगों की नजर अनुराग के शव पर पड़ी, तो इलाके में हड़कंप मच गया. घर में खून से सना शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई. इसके बाद घटना की जानकारी नगर थाना पुलिस को दी गई.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की पड़ताल शुरू की. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए हैं, ताकि वारदात से जुड़े तथ्यों की जांच की जा सके.

नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि भाइयों के बीच विवाद के बाद हत्या की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. पुलिस ने मामले में आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है.

फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और हत्या की वारदात के पीछे शराब तस्करी के विरोध के अलावा कोई अन्य कारण भी था या नहीं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.