बिहार: मोतिहारी के लिए CM सम्राट चौधरी ने किया बड़ा ऐलान, मेडिकल कॉलेज और नई चीनी मिल को मिली मंजूरी

बिहार के CM सम्राट चौधरी ने मोतिहारी के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए. मेडिकल कॉलेज, अटल कला भवन, चीनी मिलों के पुनरुद्धार और हवाई सुविधा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी.

बिहार: मोतिहारी के लिए CM सम्राट चौधरी ने किया बड़ा ऐलान, मेडिकल कॉलेज और नई चीनी मिल को मिली मंजूरी

पूर्वी चंपारण (EAST CHAMPARAN): बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मोतिहारी के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित किसान समृद्धि सम्मेलन और बुद्धिजीवी, श्रमजीवी एवं समाजसेवी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज, अटल कला भवन और चीनी मिल से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोतिहारी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए बरियारपुर एयरपोर्ट के पास जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा. सांसद राधा मोहन सिंह के आग्रह के बाद शहर से दूर प्रस्तावित स्थान की जगह बरियारपुर के आसपास मेडिकल कॉलेज बनाने का प्रयास किया जा रहा है. इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

मोतिहारी में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से अटल कला भवन का निर्माण कराने की भी घोषणा की गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का मोतिहारी से विशेष जुड़ाव रहा है. प्रस्तावित कला भवन के जरिए क्षेत्र में सांस्कृतिक और कलात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा. शहर में केंद्रीय विद्यालय को नजदीक लाने की दिशा में भी प्रयास करने की बात कही गई.

मुख्यमंत्री ने बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने की सरकार की योजना का जिक्र करते हुए कहा कि मोतिहारी की पुरानी चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने के साथ नई चीनी मिल स्थापित करने पर भी काम होगा. इससे गन्ना किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है.

चंपारण में हवाई संपर्क को बेहतर बनाने पर भी सरकार का जोर है. रक्सौल और वाल्मीकिनगर में एयरपोर्ट से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बरियारपुर में रात के समय हेलीकॉप्टर लैंडिंग की सुविधा विकसित करने के लिए ATC व्यवस्था तैयार करने की दिशा में प्रयास की बात कही.

शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि JEE और NEET की तैयारी के लिए राज्य में करीब 700 केंद्रों पर लगभग तीन लाख विद्यार्थियों को सुविधा देने की योजना बनाई जा रही है. डिजिटल माध्यम से छात्रों को जरूरत के अनुसार रात में भी शिक्षकों से मार्गदर्शन मिल सकेगा.

कार्यक्रम के दौरान चंपारण के पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों का सम्मान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करता है.