मोतिहारी(MOTIHARI):-पूर्वी चंपारण जिला के शिकारगंज थाना क्षेत्र से लापता हुई चार नाबालिग लड़कियों के साथ मदरसा के एक मौलवी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.शनिवार को शिकारगंज थाना पुलिस ने मौलवी को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया. साथ ही चार नाबालिग को बरामद कर लिया. सभी लड़कियों की बरामदगी ढ़ाका थाना क्षेत्र के चैनपुर स्थित एक घर से की गई है.
दरअसल शिकारगंज थाना क्षेत्र से एक साथ 4 नाबालिग लड़कियां गायब हो गई. लड़कियों के गायब होने से गांव में कोहराम मच गया. लापता लड़कियों के परिजन ने शिकारगंज थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद शिकारगंज थाना की पुलिस एक्टिव हुई. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ढ़ाका थाना क्षेत्र के चैनपुर में छापेमारी कर चारों नाबालिग लड़कियों को बरामद कर लिया. साथ हीं वहां मौजूद एक मौलवी मो.अशफाक को पुलिस ने गिरफ्तार किया.
बताया जाता है कि मौलवी मो. अशफाक शिकारगंज थाना क्षेत्र के एक मदरसा में पढ़ाता था. मौलवी ने मदरसा में पढ़ने वाली एक नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फंसा लिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया. फिर उसके बाद मौलवी ने अपने नाबालिग प्रेमिका के माध्यम से उसके अन्य सहेलियों को मदरसा पर बुलवाया. जिसके बाद तीन अन्य लड़कियां मौलवी के पास पहुंच गई.
इसके बाद मौलवी चारों लड़कियों को लेकर शिकारगंज से फरार हो गया और वह ढाका के चैनपुर में एक घर में आश्रय लिया. इधर गांव से चार नाबालिग लड़कियों के गायब होने की सूचना पर एक्टिव हुई पुलिस ने सभी को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी मौलवी को भी गिरफ्तार कर लिया.
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि चार नाबालिग बच्चियों को बहला फुसलाकर एक व्यक्ति द्वारा ले जाया गया था. जिनको विदेश ले जाने की तैयारी थी. लेकिन समय रहते पुलिस ने चारों नाबालिग को बरामद कर लिया और आरोपी को गि-रफ्तार कर लिया गया है.