बिहार MLC चुनाव में बढ़ा रोमांच, JDU के बाद RLM में फुट, क्या होगा चुनाव का परिणाम!
यह बात तो अब लगभग साफ हो गई है कि बिहार विधान परिषद के चुनाव में रोमांच और बढ़ेगा. नीतीश कुमार की पार्टी की किरकिरी परिणाम आने के दिन तक होती रहेगी. इधर, पटना स्नातक सीट से एनडीए के प्रत्याशी नीरज कुमार ने सोमवार को अपना नामांकन भर दिया.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): यह बात तो अब लगभग साफ हो गई है कि बिहार विधान परिषद के चुनाव में रोमांच और बढ़ेगा. नीतीश कुमार की पार्टी की किरकिरी परिणाम आने के दिन तक होती रहेगी. इधर, पटना स्नातक सीट से एनडीए के प्रत्याशी नीरज कुमार ने सोमवार को अपना नामांकन भर दिया. उन्होंने कहा कि हमारे स्नातक मतदाता विकसित बिहार बनाने में मदद करें और जनादेश दें. उन्होंने कहा कि इस चुनाव में उनके सामने कोई चुनौती नहीं है. जब नीरज कुमार से पूछा गया कि जदयू की एक ताकत इस चुनाव में अलग राह पर चल रही है. इस पर नीरज कुमार ने कहा कि पार्टी में एक ही ताकत है और वह है नीतीश कुमार. पावर सेंटर वही हैं.
अनंत सिंह राजी हुए, नीरज कुमार के खिलाफ सार्वजनिक बयान नहीं देंगें
इधर, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने सोमवार को फिर एक बड़ा बयान दे दिया है. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा है कि अगर कोई क्रिया होती है, तो उसकी प्रतिक्रिया भी होगी ही. उन्होंने साफ किया कि अनंत सिंह से बात हुई है, अब वह सार्वजनिक रूप से नीरज कुमार के खिलाफ बयानबाजी नहीं करेंगें. उन्होंने यह भी कहा कि अनंत सिंह जब चुनाव लड़ रहे थे, तो काफी दुष्प्रचार किया गया. तब पार्टी के नेताओं ने चुपी साध ली थी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के कहने पर मैं अनंत सिंह से बात की. उन्होंने अपना पक्ष रखा, कहा कि जब सरकार पर अविश्वास प्रस्ताव आया, तो नीतीश कुमार के प्रति श्रद्धा और सम्मान की वजह से पूरा सहयोग दिया. मिलने पर खुद नीतीश कुमार ने ही उन्हें मोकामा से चुनाव लड़ने की सलाह दी थी, जिसका कई लोग गवाह हैं. लेकिन चुनाव के वक्त उनका विरोध किया गया. दुष्प्रचार किए गए.
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने विवाद को ले उठाया बड़ा सवाल
उनके खिलाफ प्रचार हो रहा था तो पार्टी को कार्रवाई करनी चाहिए थी. उस समय प्रदेश संगठन ने कुछ नहीं किया. ललन सिंह ने यह भी कहा कि अनंत सिंह इस बात के लिए राजी हो गए हैं कि अब वह सार्वजनिक रूप से नीरज कुमार के विरोध में बयान नहीं देंगें. आपको बता दें कि नीरज कुमार और अनंत सिंह का विवाद 2015 से ही चल रहा है. इस दौर में कई आरोप-प्रत्यारोप लगे. अनत सिंह अब खुलकर नीरज कुमार के विरोध में आ गए है. अब वह किसी कीमत पर पीछे हटने को तैयार नहीं है.
इधर, एनडीए में भी विवाद की आहट, उपेंद्र कुशवाहा के विधायकों का बगावती तेवर
बिहार विधान परिषद का चुनाव जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, हलचल बढ़ता जा रहा है. सूचना के मुताबिक एनडीए के घटक दल उपेंद्र कुशवाहा की अगुवाई वाली पार्टी में भी दरार आ गई है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह समेत उनके तीन विधायक माधव आनंद और रामेश्वर महतो ने सारण शिक्षक निर्वाचन के उम्मीदवार राम पुकार सिंह को समर्थन दिया है. जबकि इस क्षेत्र से एनडीए के उम्मीदवार आनंद पुष्कर मैदान में हैं. मतलब एनडीए में भी खटपट शुरू हो गई है. देखना दिलचस्प होगा कि परिणाम क्या निकलता है? कांग्रेस और राजद में भी विवाद है. कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा के खिलाफ राजद ने भी उम्मीदवार उतार दिया है.