Bihar Politics: अनंत सिंह और नीरज कुमार के घमासान में बड़ा अपडेट , ललन बाबू ने कर दिया इंकार ,अब क्या होगा ?
सूत्रों पर भरोसा करें तो केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बिहार में बाहुबली विधायक अनंत सिंह और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार के बीच जारी घमासान को खत्म करने की पहल से इनकार कर दिया है
TNP डेस्क : सूत्रों पर भरोसा करें तो केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बिहार में बाहुबली विधायक अनंत सिंह और जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार के बीच जारी घमासान को खत्म करने के लिए पहल करने से इनकार कर दिया है. जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा था कि विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी ललन बाबू को दी गई है. दोनों नेता उन्हीं के संसदीय क्षेत्र से आते हैं. सूत्रों के अनुसार, ललन सिंह ने कहा है कि वह किसी के झगड़े में नहीं पड़ते हैं. वह विकास के काम में भरोसा रखते हैं. उन्होंने आज तक अपने गांव के झगड़े भी नहीं सुलझाए हैं.
दरअसल, बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहा राजनीतिक घमासान अब जदयू के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है. इस विवाद से नीतीश कुमार सहित पूरी जदयू की किरकिरी हो रही है. दोनों के बीच की लड़ाई अब सड़क पर आ गई है. अब तक माना जा रहा था कि ललन सिंह हस्तक्षेप कर मामले को सुलझा लेंगे, लेकिन उन्होंने सुलह के प्रयास से खुद को अलग कर लिया है. शनिवार को लखीसराय में एक सभा को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा कि वह किसी के झगड़े के बीच में नहीं पड़ते हैं. हालांकि, उन्होंने अपने संबोधन में अनंत सिंह और नीरज कुमार का नाम नहीं लिया.
पटना स्नातक सीट पर जदयू के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ बगावती तेवर अपनाने वाले बाहुबली विधायक अनंत सिंह के मामले को लेकर जदयू पसोपेश में है. गुरुवार को नामांकन के दिन अनंत सिंह ने जनसुराज के प्रत्याशी के साथ रोड शो तक किया. सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार के पटना स्थित आवास पर इस मामले को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक हुई थी. बैठक करीब ढाई घंटे तक चली. इसमें जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और डिप्टी सीएम विजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे. सूत्रों की मानें तो इसी बैठक में मामले को सुलझाने के लिए ललन सिंह के नाम पर सहमति बनी थी. हालांकि, अब ललन सिंह ने इसमें हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है.
उल्लेखनीय है कि जदयू ने पिछले महीने भी दोनों नेताओं के बीच सुलह कराने की कोशिश की थी. प्रदेश कार्यालय में दोनों को आमने-सामने बैठाकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बातचीत कराई थी. हालांकि, बैठक का कोई नतीजा नहीं निकला. अनंत सिंह अपने रुख पर अड़े रहे. उन्होंने उस बैठक में साफ कर दिया था कि अगर नीरज कुमार चुनाव लड़ेंगे, तो वह खुलकर उनका विरोध करेंगे.
23 सितंबर को जदयू ने औपचारिक रूप से नीरज कुमार को पटना स्नातक सीट से अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया. इसके बाद अनंत सिंह समर्थित अनुज सिंह को जनसुराज पार्टी ने टिकट दे दिया. गुरुवार को जब अनुज सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया, तो अनंत सिंह ने उनके साथ रोड शो में शामिल होकर साफ कर दिया कि वह फिलहाल किसी की सुनने के मूड में नहीं हैं.