लालू परिवार को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका, इस मामले में निचली अदालत के फैसले को रखा बरकरार
सीबीआई की याचिका पर लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत 9 लोगों पर आरोप तय किया गया है. राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले के विरुद्ध लालू यादव, राबड़ी देवी तथा तेजस्वी यादव ने हाई कोर्ट में चुनौती दी थी.
नई दिल्ली: गुरुवार का दिन बिहार के नेताओं के लिए झटकों का दिन बन कर आया है. एक तरफ सुप्रीम कोर्ट ने डीएम हत्या के आरोप में बाहुबली नेता आनंद मोहन की रिहाई रद्द कर सरेंडर करने का आदेश दिया है तो दूसरी तरफ लालू परिवार को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. दिल्ली हाईकोर्ट ने IRCTC घोटाला मामले में आरोप तय किए जाने के निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा है. दरअसल राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले के विरुद्ध लालू यादव, राबड़ी देवी तथा तेजस्वी यादव ने हाई कोर्ट में चुनौती दी थी. याचिकाओं पर सुनवाई कार्टेनहुए जस्टिस स्वर्णा कांता शर्मा ने खारिज कर दी तथा कहा कि आरोप तय करने का आदेश बरकरार रहेगा.
बता दें कि मामला IRCTC होटल के संचालन और रखरखाव के टेंडर मामले से जुड़ा है. लालू यादव के रेल मंत्री होने के दौरान वर्ष 2004 में रांची और पूरी के BNR होटल के संचालन और रख रखाव के लिए ठेका के बदले जमीन के कथित लेनदेन का आरोप लगा है. इस मामले में सीबीआई की याचिका पर लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत 9 लोगों पर आरोप तय किया गया है. सीबीआई का आरोप है कि लालू यादव जब रेल मंत्री थे तब होटल टेंडर के बदले कथित रूप से जमीन की लेनदेन हुई जो कि इस केस में अहम कड़ी है.
आरोप है कि पटना में कीमती जमीन पहले एक कंपनी के नाम खरीदी गई और बाद में इसका प्रभावी नियंत्रण लालू परिवार से जुड़ी एक कंपनी के पास चला गया. आरोप है कि जमीन खरीद और असली कीमत में भी बड़ा अंतर है. सीबीआई के आरोप पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने वर्ष 2025 में 13 अक्टूबर को धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश तथा भ्रष्टाचार के आरोप तय कर ट्रायल की मंजूरी दी थी. अब हाई कोर्ट ने भी इस फैसले को बरकरार रखा है.
