दरभंगा स्नातक सीट पर बड़ा उलटफेर, एलिमिनेशन राउंड में राजद ने दर्ज की जीत, हार गए भाजपा के सर्वेश कुमार

बिहार विधान परिषद की दरभंगा स्नातक सीट की मतगणना के तीसरे दिन गुरुवार को बड़ा उलटफेर हुआ और अब भाजपा उम्मीदवार सर्वेश कुमार ने अपनी सीट गंवा दी है.

दरभंगा स्नातक सीट पर बड़ा उलटफेर, एलिमिनेशन राउंड में राजद ने दर्ज की जीत, हार गए भाजपा के सर्वेश कुमार

दरभंगा: बिहार विधान परिषद की दरभंगा स्नातक सीट की मतगणना के तीसरे दिन गुरुवार को बड़ा उलटफेर हुआ और अब भाजपा उम्मीदवार सर्वेश कुमार ने अपनी सीट गंवा दी है. इस सीट पर राजद के अनिल कुमार झा ने जीत दर्ज की. अनिल झा ने दूसरी वरीयता की गिनती में विजय हासिल की. उन्होंने वर्तमान एमएलसी सर्वेश कुमार को 450 वोटो से हराया. मतगणना के अधिकांश समय तक सर्वेश कुमार बढ़त बनाए हुए थे और एलिमिनेशन राउंड के अंतिम तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला पहुंचने पर भी वह 1046 वोट से आगे थे, लेकिन जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी मोहम्मद इम्तियाज के मतपत्रों पर दर्ज दूसरी वरीयता के मतों की गिनती और हस्तांतरण के बाद परिणाम बदल गया और अनिल झा ने जीत दर्ज की.

पहली वरीयता के मतों की गिनती पूरी होने के बाद भी वह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनिल झा से आगे थे. हालांकि, निर्धारित जीत का कोटा पूरा नहीं होने के कारण मतगणना एलिमिनेशन प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाई गई. स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में जब किसी प्रत्याशी को आवश्यक कोटा नहीं मिलता, तो कम मत पाने वाले प्रत्याशियों को क्रमशः बाहर किया जाता है. उनके मतपत्रों पर दर्ज अगली वरीयता के अनुसार वोट शेष प्रत्याशियों के खाते में स्थानांतरित होते हैं. अंतिम तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबले के दौरान सर्वेश कुमार 1046 मतों से आगे थे. इसके बाद जन सुराज पार्टी के मोहम्मद इम्तियाज के मतपत्रों पर दर्ज दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती हुई. मतों के हस्तांतरण के बाद अनिल झा आगे निकल गए और अंततः 450 मतों से जीत हासिल की. सर्वेश कुमार का पिछला चुनावी सफर भी चर्चा में रहा था. वर्ष 2020 के चुनाव में उन्होंने भाजपा से अलग होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था. उस चुनाव में उन्होंने जदयू के प्रत्याशी दिलीप चौधरी को हराकर पहली बार विधान परिषद में प्रवेश किया था. इस बार वह भाजपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में थे, लेकिन दूसरी वरीयता के मतों की गणना के बाद उन्हें हार का सामना करना पड़ा.