दरभंगा: DMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, इमरजेंसी के बाद OPD भी बंद, मरीज परेशान

दरभंगा के DMCH में विवाद के बाद जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं. इमरजेंसी और OPD सेवाएं प्रभावित होने से कई जिलों से पहुंचे मरीज परेशान हैं.

दरभंगा: DMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, इमरजेंसी के बाद OPD भी बंद, मरीज परेशान

दरभंगा (DARBHANGA): मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ा है. करीब 13 घंटे से इमरजेंसी सेवा प्रभावित रहने के बाद गुरुवार को जूनियर डॉक्टरों ने ओपीडी में भी काम बंद करा दिया. इससे इलाज की उम्मीद में अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ गई है. दरभंगा के साथ सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, मधुबनी और आसपास के दूसरे जिलों से बड़ी संख्या में मरीज डीएमसीएच पहुंचते हैं. ऐसे में इमरजेंसी और ओपीडी सेवाएं बाधित होने से दूर-दराज से आए लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

मेडिसिन विभाग में विवाद के बाद शुरू हुई हड़ताल

बताया जा रहा है कि बुधवार रात मेडिसिन विभाग में एक मरीज को दिखाने के दौरान महिला परिजन और जूनियर डॉक्टर के बीच विवाद हुआ. जूनियर डॉक्टरों का आरोप है कि विवाद के दौरान महिला परिजन ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की. इसके बाद नाराज जूनियर डॉक्टरों ने इमरजेंसी में काम रोकते हुए हड़ताल शुरू कर दी. मामले की सूचना मिलने पर बेंता थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए संबंधित महिला परिजन को पुलिस संरक्षण में लिया गया. अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है.

सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग

जूनियर डॉक्टरों के अनुसार, पिछले एक महीने में मेडिसिन विभाग में इस तरह की यह दूसरी घटना है. डॉक्टरों ने दुर्व्यवहार के मामलों में मुकदमा दर्ज करने के साथ ड्यूटी के दौरान चिकित्सकों की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. हड़ताल समाप्त कराने के लिए डीएमसीएच के प्राचार्य डॉ. यूसी जहां, अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा और अन्य अधिकारी जूनियर डॉक्टरों से बातचीत कर रहे हैं. वहीं, किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है