दर्द में कराहते मरीज को घसीटकर अस्पताल ले गया गार्ड,वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल ने जो कहा....देखिए

दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक दर्द से कराहते मरीज को गार्ड स्ट्रेचर के बजाय जमीन पर घसीटकर ले जाता दिख रहा है. वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है. अधीक्षक ने घटना पर शर्मिंदगी जताते हुए मरीज के इलाज की जानकारी दी और संबंधित गार्ड के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

दरभंगा(DARBHANGA):बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने और उसे विकसित करने के लिए कई तरह की कोशिशें कर रहे हैं, ताकि बिहार के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें. एक तरफ जहां बिहार के लोगों को घर के पास ही बेहतर इलाज मिल सके, तो वहीं दूसरी तरफ सरकारी अस्पताल में लोगों को हर तरह की सुविधा मिल पाए. लेकिन बिहार के दरभंगा से एक तस्वीर सामने आई है, जिसने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की ऐसी असंवेदनशील तस्वीर को दिखाया है, जिसकी उम्मीद शायद किसी को नहीं थी. वायरल वीडियो ने साफ कर दिया है कि बिहार के अस्पतालों में मरीजों के साथ कैसा व्यवहार किया जाता है.

दर्द में कराहते मरीज को घसीटकर अस्पताल ले गया गार्ड

दरअसल दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल(DMCH) से मानवता को शर्मसार करने वाला वीडियो सामने आया है. वायरल वीडियो में एक लावारिस मरीज को स्ट्रेचर पर ले जाने के बजाय अस्पताल का गार्ड उसका हाथ पकड़कर जमीन पर घसीटते हुए ले जाता दिखाई दे रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है.अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा, अस्पताल से ऐसी तस्वीर सामने आने पर मैं शर्मिंदा हूं. उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही मरीज को उचित इलाज उपलब्ध कराया गया. मरीज का पैर टूटा हुआ था, जिसका प्लास्टर किया गया है. उसे दवा और भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है.

पढ़िये अस्पताल अधीक्षक ने क्या कहा

अधीक्षक के मुताबिक, मरीज अपना नाम और पता बताने की स्थिति में नहीं है. उसकी पहचान कराने के लिए स्थानीय स्तर पर पुलिस से भी मदद मांगी गई है. मरीज फिलहाल ऑर्थो विभाग में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है.मामले में अस्पताल प्रशासन ने संबंधित गार्ड की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी को पत्र लिखा है. वहीं, पूरे मामले को लेकर हेल्थ मैनेजर से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है. अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि अस्पताल में स्ट्रेचर की कोई कमी नहीं है. 

गार्ड की लापरवाही और नासमझी के कारण यह घटना हुई, जिससे अस्पताल की छवि खराब हुई है.अधीक्षक ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए अस्पताल में सख्त निर्देश जारी किए गए हैं. बताया जा रहा है कि घटना 21 अगस्त की है.