बिहार में खूनी वारदात! दरवाजे पर सो रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या
दरभंगा के बिशनपुर थाना क्षेत्र के रुपौली गांव के बरही टोल में घर के दरवाजे पर सो रहे 65 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. गांव में दुर्गा पूजा के दौरान तेज आवाज में साउंड बज रहा था, जिसके कारण रात में गोली चलने की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी.
दरभंगा (DARBHANGA): दुर्गा पूजा के दौरान बिहार के दरभंगा से गोली से हत्या की खबर सामने आई है. बिशनपुर थाना क्षेत्र के रुपौली गांव के बरही टोल में घर के दरवाजे पर सो रहे 65 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना से आसपास में अफरा तफरी का माहौल है. गाँव में मातम पसर गया है.
दरअसल यह घटना शनिवार की है जब उनकी बेटी पिता को जगाने पहुंची, तो वह खून से लथपथ बिछावन पर मृत मिले. गोली उनके सिर के आर-पार हो गई थी. बताया जा रहा है कि गांव में दुर्गा पूजा के दौरान तेज आवाज में साउंड बज रहा था, जिसके कारण रात में गोली चलने की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी. बता दें, परिजनों ने करीब 24 साल से चले आ रहे जमीन विवाद का भी जिक्र किया है, हालांकि किसी पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया है.
मृतक की पुत्री राखी कुमारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद वह अपनी चाची के साथ घर के भीतर सोने चली गई थीं. उनके पिता घर के दरवाजे के बरामदे में चौकी पर मच्छरदानी लगाकर सोए थे. शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह पिता को जगाने पहुंचीं तो उनके सिर से खून निकल रहा था. इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों और पुलिस को घटना की जानकारी दी. राखी के अनुसार, घर का परिसर खुला हुआ है और परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर सो रहे थे.
इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी, सदर SDPO राजीव कुमार और FSL की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आस पास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी हुई है की मौत का सटीक कारण क्या है और हत्या के पीछे का कारण क्या है. ऐसे में हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर छानबीन कर रही है.