वैशाली से सिवान जा रही बारात की बस पलटी, एक की मौत, कई घायल

वैशाली से सिवान जा रही बारात की बस पलटी, एक की मौत, कई घायल

छपरा(CHAPRA):बिहार के सारण जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. जहां शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गई.जहां बारातियों से भारी बस पलटने से एक की मौके पर मौत हो गई तो वहीं कई लोग घायल हो गए.पूरा मामला सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र का है.बताया जा रहा है कि वैशाली जिले से बारातियों से भरी बस सिवान जा रही थी.जो अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में एक बाराती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके अलावा कई अन्य बारातियों को भी चोटें आई है. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और शादी की खुशियां देखते ही देखते अफरा-तफरी में बदल गई.

वैशाली से सिवान जा रही थी बारात से भरी बस

जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के लालगंज से एक बारात सिवान के जगदीशपुर जा रही थी. बारातियों से भरी बस जब तरैया थाना क्षेत्र के एसएच-73 पर गंडार गांव के समीप पहुंची, तभी सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर के पास चालक बस से नियंत्रण खो बैठा.तेज रफ्तार बस पहले सड़क किनारे स्थित एक सूखे पेड़ से टकराई और फिर बिजली के पोल से भिड़ते हुए पलट गई. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई लोग अंदर ही फंस गए.स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. बस के शीशे तोड़कर और दरवाजे खोलकर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया.एक बाराती बस के नीचे दब गया था, जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकालकर रेफरल अस्पताल, तरैया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घायलो में कई की स्थिति गंभीर 

मृतक की पहचान वैशाली जिले के बिशुनपुर गोरौल गांव निवासी मोहम्मद असगर के रूप में हुई है.हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज तरैया रेफरल अस्पताल में जारी है. चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. सूचना मिलते ही तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य कराया.दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया.पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह स्पीड ब्रेकर पर बस का संतुलन बिगड़ना और चालक द्वारा नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है.हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बस की रफ्तार कितनी थी और हादसे के पीछे चालक की लापरवाही या कोई तकनीकी खराबी तो नहीं थी. इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल ले रहे है.