सारण शिक्षक सीट पर हुआ बड़ा उलटफेर, भाजपा के बागी राहुल ने जन सुराज और एनडीए प्रत्याशी को हराया

बिहार विधान परिषद चुनाव में सारण शिक्षक सीट पर बड़ा फेरबदल हुआ है. इस सीट पर मतगणना पूरी होने के बाद अंतिम निर्णय आ गया है.

सारण शिक्षक सीट पर हुआ बड़ा उलटफेर, भाजपा के बागी राहुल ने जन सुराज और एनडीए प्रत्याशी को हराया

सारण: बिहार विधान परिषद चुनाव में सारण शिक्षक सीट पर बड़ा फेरबदल हुआ है. इस सीट पर मतगणना पूरी होने के बाद अंतिम निर्णय आ गया है. सारण शिक्षक सीट पर भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशी डॉ राहुल राज ने द्वितीय वरीयता की गिनती में एनडीए प्रत्याशी को 283 वोट से हराया है. प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में डॉ राहुल राज को 2723 वोट मिले जबकि एनडीए के आनंद पुष्कर को 2440 वोट, जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी और वर्तमान एमएलसी अफाक अहमद को 1999 वोट मिले.

मतगणना के एलिमिनेशन राउंड में आफाक अहमद के बाहर होने के बाद राहुल राज की जीत की स्थिति मजबूत हो गई. इसके बाद आनंद पुष्कर मतगणना केंद्र से बिना कोई प्रतिक्रिया दिए बाहर निकल गए. राहुल राज के समर्थकों ने आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया. जीत के बाद डॉ राहुल राज ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के समर्थन और आशीर्वाद को दिया. उन्होंने कहा कि उनके साथ जुड़े लोग कोई वेतनभोगी कार्यकर्ता नहीं, बल्कि शिक्षक और मतदाता थे, जिन्होंने निष्ठा के साथ उनका साथ दिया. राहुल राज ने कहा कि शिक्षकों की लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए वह आवाज उठाएंगे. इनमें सातवें वेतन आयोग के अनुरूप वेतन दिलाना और वित्त रहित शिक्षकों को अनुदान के बदले वेतनमान उपलब्ध कराना प्रमुख है.