सारण में बदमाशों ने युवक को सरेआम मारी गोली, आसपास के इलाके में दहशत का माहौल
बिहार में एक तरफ पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए हर संभव कोशिशें कर रही है तो दूसरी तरफ अपराधी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे.
बिहार में एक तरफ पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए हर संभव कोशिशें कर रही है तो दूसरी तरफ अपराधी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे.
सारण: बिहार में एक तरफ पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए हर संभव कोशिशें कर रही है तो दूसरी तरफ अपराधी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे. इसी कड़ी में सारण में दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी. गोली लगने से युवक जख्मी हो गया जिसे आसपास मौजूद लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने उसे पटना रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि युवक को दो गोली लगी है. फिलहाल घटना का कारण पता नहीं चल सका है वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई. घटना सारण के दिघवारा में निर्माणाधीन शेरपुर सिक्स लेन पुल के 95 नंबर पाया के समीप की है. घटना के बाद आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल हो गया.
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और आपसी दुश्मनी की वजह से अपराधियों ने युवक पर कई राउंड फायरिंग की. घटना में दो गोली युवक को लगी, जिससे वह जख्मी हो गया. गोली चलने की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक अपराधी फरार हो गए, वहीं जख्मी मौके पर ही गिर गया. घायल युवक की पहचान पटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगहारा गांव निवासी स्व राम प्रवेश शर्मा के पुत्र गुड्डू कुमार के रूप में की गई.
घटना की सूचना मिलते ही दिघवारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. घटना की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में अफरातफरी मच गई. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में घटना के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है. हालांकि, विवाद की असली वजह क्या थी और किन लोगों ने गोली चलाई, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है. घटनास्थल और आसपास के इलाकों से जानकारी जुटाकर पूरे मामले की जांच की जा रही है.