बक्सर में रेलवे गुमटी खोलने की मांग पर रेल ट्रैक जाम, डेढ़ घंटे बाद बहाल हुआ परिचालन

बक्सर में रेलवे गुमटी खोलने की मांग पर रेल ट्रैक जाम, डेढ़ घंटे बाद बहाल हुआ परिचालन

बक्सर (BUXAR) : बक्सर रेलवे स्टेशन की पूर्वी रेलवे गुमटी को दोबारा खोलने की मांग को लेकर पिछले दो महीनों से चल रहा आंदोलन उस समय उग्र हो गया जब आंदोलनकारियों ने रेलवे ट्रैक जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. ट्रैक जाम होने से कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा और मौके पर रेलवे प्रशासन तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों की टीम पहुंची.

आंदोलनकारियों और प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक

प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों और प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. इसके बाद बक्सर जिला पुलिस, रेल सुरक्षा बल और राजकीय रेल थाना के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की. बातचीत के बाद करीब डेढ़ घंटे में ट्रैक खाली कराया गया. इसके बाद प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर नगर थाना, बक्सर भेज दिया गया और रेल परिचालन फिर से सामान्य हो सका.

आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है

इस आंदोलन में बक्सर जिला कांग्रेस सहित कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भाग लिया. प्रदर्शनकारी रेलवे गुमटी को तत्काल खोलने की मांग करते हुए सरकार और रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे. उनका कहना है कि गुमटी बंद होने से शहर के लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

आरओबी के निर्माण के बाद बंद कर दिया गया था

गौरतलब है कि बक्सर स्टेशन की पूर्वी रेलवे गुमटी को रेलवे द्वारा आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) के निर्माण के बाद बंद कर दिया गया था. करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से बने इस आरओबी पर परिचालन शुरू होने के महज नौ दिन बाद ही उसमें क्षति आने की खबर सामने आई थी. इसके बाद लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई और स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ गईं.

ध्यान में रखते हुए आवश्यक निर्णय लिया जाएगा

आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक आरओबी पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से उपयोग के योग्य नहीं हो जाता तब तक रेलवे गुमटी को खोला जाना चाहिए. वहीं रेलवे प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निर्णय लिया जाएगा.