दिनदहाड़े डकैती: परिवार को बंधक बनाकर लाखों की लूट,नगदी-जेवर लेकर फरार,जानिए कहां का है मामला

दिनदहाड़े डकैती: परिवार को बंधक बनाकर लाखों की लूट,नगदी-जेवर लेकर फरार,जानिए कहां का है मामला

पटना (PATNA) : बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बाढ़ थाना क्षेत्र के बुढ़नीचक गांव में हथियारबंद अपराधियों ने एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया. पांच की संख्या में आए बदमाशों ने एक घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और लाखों रुपये के गहने तथा नगदी लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

हथियारबंद बदमाशों ने दबोचा

जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी जयचंद्र चौधरी सचिवालय मंत्रिमंडल में निदेशक पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच जयचंद्र चौधरी कपड़े फैलाने के लिए छत पर गए थे. इसी दौरान पहले से मौजूद पांच हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया. अपराधियों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और फिर उन्हें अपने कब्जे में लेकर नीचे घर में पहुंचे.

बदमाशों ने बंधक बना लिया

इसके बाद बदमाशों ने घर के अन्य सदस्यों को भी बंधक बना लिया. हथियार के बल पर सभी को एक जगह बैठाए रखा और आराम से घर में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और नगदी समेट ली. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए.

हर पहलू की बारीकी से जांच

घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है.

इस घटना को लेकर एक सवाल भी उठ रहा है कि सुबह-सुबह बदमाश घर की छत पर कैसे पहुंचे और वहां पहले से क्या कर रहे थे. पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि अपराधियों ने पहले से रेकी की थी या किसी स्थानीय व्यक्ति की मदद ली थी.

लोगों में भय का माहौल

दिनदहाड़े हुई इस डकैती की घटना से इलाके के लोगों में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.