Bihar: बाढ़ में कचरे के ढेर पर मिला नवजात बच्ची का शव, इंसानियत फिर हुई शर्मसार

Bihar: बाढ़ में कचरे के ढेर पर मिला नवजात बच्ची का शव, इंसानियत फिर हुई शर्मसार

बाढ़ (BIHAR) : पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. पुरानी बाजार के नौआ टोली मोहल्ले में सड़क किनारे कचरे के ढेर पर एक नवजात बच्ची का शव मिला. सुबह सफाई कर्मियों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद पूरे इलाके में शोर मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

चादर में लिपटा एक नवजात शिशु देखा

जानकारी के अनुसार सुबह जब नगर परिषद के सफाई कर्मचारी कचरा उठाने पहुंचे तो उन्होंने कचरे के ढेर के पास चादर में लिपटा एक नवजात शिशु देखा. पास जाकर देखने पर पता चला कि बच्ची की मौत हो चुकी है. इसके बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए.

बाढ़ थाना पुलिस को दी गई सूचना

स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी ने रात के अंधेरे में नवजात को यहां लाकर फेंक दिया. बच्ची के सिर पर चोट के निशान और खून दिखाई दे रहा था. लोगों का अनुमान है कि इसी वजह से उसकी मौत हुई होगी. घटना की सूचना तुरंत बाढ़ थाना पुलिस को दी गई.

स्थानीय पार्षद पति मन्ना कुमार ने बताया कि सफाई कर्मचारियों ने सबसे पहले नवजात को देखा और इसकी सूचना मोहल्ले के लोगों को दी. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और अमानवीय घटना है. दोषी व्यक्ति ने जघन्य अपराध किया है. पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को किसने और किन परिस्थितियों में वहां फेंका.

लोगों में चिंता और आक्रोश

गौरतलब है कि इससे पहले भी बाढ़ थाना क्षेत्र के अस्पताल चौक से लहरिया पोखर जाने वाले रास्ते पर कचरे के ढेर से एक नवजात का शव मिला था. लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आने से लोगों में चिंता और आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.