वैशाली में गंगा की तेज धारा में डूबी मवेशियों से भरी नाव, 6 किसान और 6 मवेशी सुरक्षित बचाए गए
वैशाली के हाजीपुर स्थित महनार थाना क्षेत्र में गंगा की तेज धारा के बीच किसानों और मवेशियों से भरी नाव डूब गई. प्रशासन और SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 6 किसानों और 6 मवेशियों को सुरक्षित बचाया, जबकि अन्य लापता मवेशियों की तलाश जारी है.
हाजीपुर (HAZIPUR): बिहार के वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र में गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया. किसानों और मवेशियों को लेकर जा रही एक नाव तेज बहाव के बीच अचानक असंतुलित होकर डूब गई. नाव के डूबते ही उस पर सवार किसान और मवेशी नदी की तेज धारा में बहने लगे. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू किया, जिसके बाद 6 किसानों और 6 मवेशियों को सुरक्षित निकाल लिया गया.
शिवनगर दियारा से महनार लौट रहे थे किसान
बताया जा रहा है कि करीब 10 से 12 किसान शिवनगर दियारा क्षेत्र से अपने मवेशियों के साथ नाव पर सवार होकर महनार बाजार घाट लौट रहे थे. रात होने के कारण नदी में दृश्यता कम थी जबकि गंगा का जलस्तर और बहाव काफी तेज था. बीच धारा में पहुंचने के बाद नाव का संतुलन बिगड़ा और वह पानी में समा गई.नाव डूबने के बाद किसानों ने तैरकर और मवेशियों का सहारा लेकर खुद को बचाने की कोशिश की. तेज बहाव के कारण कुछ लोग काफी दूर तक बह गए. हादसे के दौरान नदी में बह रहे एक किसान ने किसी तरह मोबाइल फोन निकालकर अपने परिजनों से संपर्क किया. उसने नाव डूबने और किसानों के नदी में बहने की जानकारी दी. कुछ देर बाद फोन संपर्क टूट गया. खबर मिलते ही परिजन महनार बाजार घाट पहुंचे और देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए.
SDRF और स्थानीय नाविकों ने शुरू किया रेस्क्यू
सूचना मिलने पर महनार थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासनिक अधिकारियों को घटना से अवगत कराने के बाद तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया. SDRF की दो नावों के साथ स्थानीय नाविकों और गोताखोरों को भी तलाश एवं बचाव कार्य में लगाया गया.अंधेरा और गंगा की तेज धारा रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बनी रही. इसके बावजूद बचावकर्मियों ने नदी में लगातार तलाशी अभियान चलाया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने 6 किसानों और 6 मवेशियों को सुरक्षित नदी से बाहर निकालने में सफलता हासिल की. महनार SDO की ओर से किसानों के सुरक्षित बचाए जाने की पुष्टि की गई है.
प्रशासन के मुताबिक कुछ अन्य मवेशियों को भी बचाया गया है, जबकि कुछ के लापता होने की सूचना है. लापता मवेशियों की तलाश के लिए नदी में खोज अभियान दोबारा चलाया जा रहा है.