नए सत्र से राज्य में बदल जाएगी शिक्षा नीति, छात्रों को सिर्फ डिग्री नहीं दिए जाएंगे रोजगारोन्मुख हुनर
मार्च से बिहार में लागू होगी नई शिक्षा नीति, स्कूल से विश्वविद्यालय तक बदल जाएगी पढ़ाई. कक्षा छः से सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर और कौशल आधारित शिक्षा पर जोर. कॉलेजों में तीन-चार साल का होगा स्नातक पाठ्यक्रम
पटना: बिहार में राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी तेज हो गई है. मार्च 2027 से राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों में इसे लागू करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है. इसके लागू होने के बाद स्कूलों से लेकर कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे. नई शिक्षा नीति के तहत स्कूली शिक्षा की मौजूदा 10+2 व्यवस्था की जगह 5+3+3+4 की नई शैक्षणिक संरचना लागू की जाएगी. इसमें तीन से 18 वर्ष तक के बच्चों की शिक्षा को शामिल किया गया है. शुरुआती कक्षाओं में मातृभाषा, स्थानीय और क्षेत्रीय भाषाओं में पढ़ाई को प्राथमिकता दी जाएगी. कक्षा छः से ही विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और इंटर्नशिप से जोड़ने की पहल होगी. सरकारी स्कूलों के बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देने पर भी विशेष जोर रहेगा, ताकि वे शुरुआती दौर से ही तकनीकी रूप से दक्ष बन सकें.
रटने की बजाय समझ और हुनर पर रहेगा जोर
नई व्यवस्था में बच्चों की पढ़ाई और मूल्यांकन के तरीके में भी बदलाव प्रस्तावित है. बोर्ड परीक्षाओं को रटने की प्रवृत्ति से मुक्त कर समझ, तार्किक क्षमता और विश्लेषण कौशल पर आधारित बनाने पर जोर दिया जाएगा. कला, विज्ञान और वाणिज्य संकायों के बीच विषयों की पारंपरिक बाध्यता कम होगी. विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार अलग-अलग विषयों का चयन कर सकेंगे. इसके साथ ही खेल, संगीत, कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों को भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाएगा.
कॉलेजों में तीन या चार साल का होगा स्नातक पाठ्यक्रम
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए जाएंगे. नई नीति के तहत स्नातक पाठ्यक्रम तीन या चार वर्ष के होंगे. विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान बीच में पाठ्यक्रम छोड़ने या दोबारा पढ़ाई शुरू करने की सुविधा मिलेगी. निर्धारित अवधि तक पढ़ाई पूरी करने पर प्रमाणपत्र या डिप्लोमा दिया जा सकेगा. इसके अलावा विषयों के चयन में लचीलापन होगा और विद्यार्थी अपनी रुचि के मुताबिक विभिन्न विषयों का संयोजन कर सकेंगे. एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी) के माध्यम से विद्यार्थियों द्वारा अर्जित शैक्षणिक क्रेडिट डिजिटल रूप में सुरक्षित रखे जाएंगे. इससे उन्हें पढ़ाई के दौरान पाठ्यक्रम या संस्थान बदलने में सहूलियत होगी. उच्च शिक्षा को रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल आधारित और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को भी बढ़ावा दिया जाएगा.
विश्वविद्यालयों में शोध और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
विश्वविद्यालयों की कार्यप्रणाली में भी व्यापक बदलाव की परिकल्पना की गई है. उच्च शिक्षण संस्थानों में शोध, नवाचार और बहुविषयक शिक्षा को प्रोत्साहित किया जाएगा. कॉलेजों को चरणबद्ध तरीके से स्वायत्तता देने और संबद्धता व्यवस्था को धीरे-धीरे समाप्त करने की दिशा में काम होगा. इसके साथ ही ऑनलाइन और दूरस्थ शिक्षा के अवसरों का विस्तार किया जाएगा. राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत वर्ष 2035 तक उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात को 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित है.
डिग्री के साथ रोजगार के योग्य बनाना लक्ष्य
शिक्षा विभाग का मानना है कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्रीधारी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, हुनरमंद, रचनात्मक और रोजगार के योग्य बनाना है. इसके लिए स्कूली स्तर से ही कौशल विकास, तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक शिक्षा पर जोर दिया जाएगा. उच्च शिक्षा संस्थानों में गुणवत्ता सुधार के साथ अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित किया जाएगा. नई व्यवस्था प्रभावी होने पर बिहार की शिक्षा प्रणाली को अधिक व्यावहारिक, समावेशी और रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है.