तस्करी का अनोखा तरीका : कॉपियों के बीच छिपी मिलीं शराब की 286 बोतलें, जानिए कहां का है मामला

मोतिहारी पुलिस ने कॉपियों के बीच छिपाकर दिल्ली से बस के जरिए लाई गई 286 बोतल विदेशी शराब बरामद की है. मामले में सीतामढ़ी निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.

तस्करी का अनोखा तरीका : कॉपियों के बीच छिपी मिलीं शराब की 286 बोतलें, जानिए कहां का है मामला

मोतिहारी (MOTIHARI): बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर दूसरे राज्यों से शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. मोतिहारी में पुलिस ने ऐसे ही एक मामले का खुलासा किया है, जहां कथित तौर पर बड़ी कॉपियों के बीच का हिस्सा काटकर उसमें शराब की बोतलें छिपाई गई थीं. पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के अब्बास चौक के पास कार्रवाई करते हुए 286 बोतल विदेशी शराब बरामद की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया.

दिल्ली से बस के जरिए मंगाई गई थी शराब

पुलिस के मुताबिक, शराब की खेप दिल्ली से बस के माध्यम से मोतिहारी मंगाई गई थी. तस्करी के लिए कॉपियों के बंडल को इस तरह तैयार किया गया था कि सामान्य जांच में उसमें शराब होने का संदेह न हो. बड़ी कॉपियों के बीच के हिस्से को काटकर खाली जगह बनाई गई और उसमें शराब की बोतलें रखने के बाद ऊपर और नीचे से कॉपियों के पन्नों से ढककर पैकिंग की गई थी. मोतिहारी सदर-1 के एसडीपीओ दिलीप कुमार को इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी की. जांच के दौरान संदिग्ध कॉपी के बंडलों को खोला गया तो उनके अंदर शराब की बोतलें मिलीं.

51 लीटर विदेशी शराब बरामद

पुलिस की कार्रवाई में कुल 286 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई है, जिसकी कुल मात्रा करीब 51 लीटर बताई गई है. मौके से पुलिस ने सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र के रहने वाले रमन उर्फ रोहित कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम इससे पहले भी शराब से जुड़े एक मामले में सामने आ चुका है. उसके खिलाफ सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर थाना में वर्ष 2024 में शराब से संबंधित मामला दर्ज होने की बात कही गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दिल्ली से बिहार तक शराब पहुंचाने के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. साथ ही शराब की खेप कहां से भेजी गई और मोतिहारी पहुंचने के बाद इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी, इसकी भी जांच की जा रही है.