बिहार के बाहुबली नेता आनंद मोहन को जाना होगा जेल! सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार को बताया गलत
बिहार से जुड़ी एक बड़ी खबर सुप्रीम कोर्ट से निकल कर सामने आ रही है. कोर्ट ने सुप्रीम फैसला देते हुए बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन की जेल से रिहाई रद्द कर दी तथा एक महीने के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया है.
पटना: बिहार से जुड़ी एक बड़ी खबर सुप्रीम कोर्ट से निकल कर सामने आ रही है. कोर्ट ने सुप्रीम फैसला देते हुए बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन की जेल से रिहाई रद्द कर दी तथा एक महीने के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया है. वर्ष 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की रिहाई रद्द कर दी है. इसके साथ ही कोर्ट ने बिहार मैनुअल में हुए बदलाव को भी गलत बताया है. कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया है.
जेल मैनुअल में बदलाव असंवैधानिक
कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि रिहाई के लिए जेल मैनुअल में किया गया बदलाव सही नहीं है. इसके साथ ही कोई फैसला लेने से पहले पीड़ित पक्ष को भी सुनवाई और अपना पक्ष रखने का मौका मिलना चाहिए. कोर्ट ने यह भी कहा कि बिहार सरकार द्वारा अप्रैल 2023 में सजा माफी नीति में किया गया संशोधन जिसमें ड्यूटी पर तैनात लोक सेवकों की हत्या के लिए आजीवन कारावास की सजा पाए लोगों को छूट मांगने की अनुमति दी गई थी, असंवैधानिक था. कोर्ट ने कहा कि यह संशोधन बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य या नेकनीयती (बोनाफाइड) को दर्शाए अचानक किया गया बदलाव था, और राज्य इसके पीछे "कोई तर्कसंगत और वैध सार्वजनिक उद्देश्य" स्थापित करने में विफल रहा है. इसलिए, इस संशोधन को संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन घोषित किया गया.
1994 में डीएम की हुई थी मॉब लिंचिंग
बता दें कि 26 नवंबर 1994 को एक प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया को गाड़ी से खींच कर पीट पीट कर हत्या कर दी थी. इस मामले की जांच में पूर्व सांसद आनंद मोहन भी दोषी पाए गए थे. हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान लोकसेवक के विरुद्ध हिंसा समेत अन्य आरोपों के तहत उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी. इसके बाद आनंद मोहन सुप्रीम कोर्ट गए और वहां हाई कोर्ट के फैसले को सही ठहराया गया. इसके बाद राज्य सरकार ने जेल मैनुअल में बदलाव किया तथा उसके आधार पर 14 साल तक जेल में रहने के बाद 24 अप्रैल 2023 को आनंद मोहन जेल से बाहर आए थे.
आईएएस की पत्नी ने रिहाई के विरुद्ध दाखिल की थी रिट याचिका
बिहार सरकार के द्वारा जेल मैनुअल में बदलाव और आनंद मोहन की रिहाई के विरुद्ध दिवंगत डीएम जी कृष्णैया की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दायर की, जिसे जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू ने स्वीकार कर सुनवाई की. सुनवाई के दौरान पीठ ने जेल मैनुअल में बदलाव को असंवैधानिक बताया तथा आनंद मोहन की रिहाई रद्द करते हुए एक महीने के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया है. इस दौरान कोर्ट ने कई टिप्पणी भी की और पीड़ित पक्ष को सुनने की भी बात कही.
सरकार ने जेल मैनुअल में किया था बदलाव
बता दें कि बिहार राज्य की सजा माफी नीति के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात लोक सेवकों की हत्या के दोषी व्यक्ति तब तक समय से पहले रिहाई के पात्र नहीं थे, जब तक कि वे कम से कम 20 साल की सजा पूरी न कर लें. हालांकि, राज्य सरकार ने अप्रैल 2023 में सजा माफी नीति में संशोधन के माध्यम से इस रोक को हटा दिया था, जिससे आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता साफ हो गया था. कोर्ट ने कहा कि आनंद मोहन की रिहाई की सुविधा के लिए राज्य की सजा माफी नीति में संशोधन सार्वजनिक नीति के विपरीत है और इससे लोक सेवकों का मनोबल गिरेगा. साथ ही यह तर्क दिया कि अपराध के समय जो नीति प्रचलित थी, उसी को लागू किया जाना चाहिए.
बता दें कि जेल से आने के बाद आनंद मोहन बिहार की राजनीति में काफी सक्रिय हो गए और वर्तमान में उनकी पत्नी लवली आनंद शिवहर से जदयू की टिकट पर सांसद हैं, जबकि बेटे चेतन आनंद औरंगाबाद के नवीनगर से जदयू की टिकट पर विधायक. हालांकि बीते कुछ दिनों में आनंद मोहन अपनी पार्टी जदयू पर ही काफी हमलावर दिखे हैं और पार्टी नेतृत्व पर भी कई सवाल उठाते रहे हैं. आनंद मोहन नीतीश कुमार के साथ रहने वाले कुछ नेताओं को लगातार आड़े हाथों लेते दिखाई देते रहे हैं.