बिहार के सरकारी अस्पतालों को मिले 783 नए स्वास्थ्यकर्मी, एक महीने में करना होगा योगदान

बिहार के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 783 नए स्वास्थ्यकर्मियों की पदस्थापना की गई है.इनमें 683 OT असिस्टेंट और 100 ECG टेक्नीशियन शामिल हैं.सभी चयनित कर्मियों को एक महीने के भीतर योगदान देना होगा.

बिहार के सरकारी अस्पतालों को मिले 783 नए स्वास्थ्यकर्मी, एक महीने में करना होगा योगदान

Bihar news: बिहार के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं और जरूरी जांच सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. राज्य के विभिन्न सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में कुल 783 नए स्वास्थ्यकर्मियों की पदस्थापना की गई है. इनमें 683 ऑपरेशन थिएटर (OT) असिस्टेंट और 100 ECG टेक्नीशियन शामिल हैं. इनकी नियुक्ति से अस्पतालों में ऑपरेशन थिएटर और हृदय जांच से संबंधित सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

BTSC की अनुशंसा पर हुई पदस्थापना

इन स्वास्थ्यकर्मियों के चयन की अनुशंसा बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) ने की थी. स्वास्थ्य विभाग ने पदस्थापना की प्रक्रिया पूरी कर चयनित कर्मचारियों को संबंधित अस्पतालों और संस्थानों में योगदान करने का निर्देश दिया है. विभाग के अनुसार, सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को निर्धारित अवधि के अंदर अपनी जिम्मेदारी संभालनी होगी.

एक महीने के अंदर करनी होगी ज्वाइनिंग

नवनियुक्त 783 स्वास्थ्यकर्मियों को एक महीने के भीतर आवंटित अस्पताल या संस्थान में योगदान देना होगा. ज्वाइनिंग के दौरान उन्हें शैक्षणिक योग्यता से जुड़े मूल प्रमाण-पत्रों के साथ अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे. अस्पताल प्रशासन इन दस्तावेजों की जांच करेगा. इसके बाद प्रमाण-पत्र जारी करने वाले संबंधित संस्थानों से भी उनकी सत्यता की पुष्टि कराई जाएगी. दस्तावेज सत्यापन की पूरी प्रक्रिया तीन महीने के भीतर पूरी कर स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है.

महिला स्वास्थ्यकर्मियों को भी मिली नियुक्ति

कुल 683 OT असिस्टेंट में 124 महिलाएं और 559 पुरुष हैं. वहीं, नियुक्त किए गए 100 ECG टेक्नीशियन में 42 महिलाएं और 58 पुरुष शामिल हैं. OT असिस्टेंट अस्पतालों में सर्जरी से पहले आवश्यक तैयारियों और ऑपरेशन थिएटर के संचालन में सहयोग करेंगे. ECG टेक्नीशियन हृदय संबंधी जांच सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

प्रमुख मेडिकल कॉलेजों को भी मिले कर्मचारी

नई पदस्थापना में राज्य के बड़े सरकारी अस्पतालों को भी शामिल किया गया है. पटना के PMCH में 16 OT असिस्टेंट तैनात किए गए हैं. भागलपुर के JLNMCH को 20, गया के ANMMCH को 12 और दरभंगा के DMCH को 11 OT असिस्टेंट मिले हैं.
ECG टेक्नीशियन की तैनाती भी प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में की गई है. पटना के इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान में 15 और PMCH में 6 ECG टेक्नीशियन पदस्थापित किए गए हैं. इसके अलावा मुजफ्फरपुर के SKMCH सहित अन्य सरकारी अस्पतालों को भी नए कर्मचारी मिले हैं. 
इन नियुक्तियों से खासकर अधिक मरीजों वाले सरकारी अस्पतालों में मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ेगी और ऑपरेशन तथा ECG जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुचारु तरीके से संचालित करने में मदद मिल सकेगी.