अब पटना से पूर्णिया सिर्फ 3 घंटे में, 282 KM लंबे नए एक्सप्रेसवे से सफ़र होगा आसान
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे करीब 282 किलोमीटर लंबा छह लेन का ग्रीनफील्ड कॉरिडोर होगा. इसके बनने से पटना से पूर्णिया का सफर करीब 3 से 4 घंटे में पूरा होने की उम्मीद है.
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे करीब 282 किलोमीटर लंबा छह लेन का ग्रीनफील्ड कॉरिडोर होगा. इसके बनने से पटना से पूर्णिया का सफर करीब 3 से 4 घंटे में पूरा होने की उम्मीद है.
TNP DESK : बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावित Patna-Purnia Expressway राज्य की महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में शामिल है. करीब 282 किलोमीटर लंबा यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे छह लेन का होगा. इसे हाई-स्पीड ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा और इसकी डिजाइन स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक रखी गई है. परियोजना को 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य बताया गया है. एक्सप्रेसवे तैयार होने के बाद पटना से पूर्णिया के बीच सड़क यात्रा का समय घटकर करीब 3 से 4 घंटे रहने की संभावना है.
मीरनगर से हंसदह तक जाएगा एक्सप्रेसवे
प्रस्तावित एक्सप्रेसवे हाजीपुर क्षेत्र के मीरनगर से शुरू होकर पूर्णिया जिले के हंसदह तक पहुंचेगा. इसका कॉरिडोर समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा और मधेपुरा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से होकर गुजरेगा. इससे उत्तर और उत्तर-पूर्वी बिहार के कई इलाकों को बेहतर सड़क संपर्क मिलने की उम्मीद है. Patna-Purnia Expressway के निर्माण में सड़क के साथ बड़े पैमाने पर अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किया जाएगा. प्रस्ताव के अनुसार कॉरिडोर पर करीब 21 बड़े और 140 छोटे पुल बनाए जाने हैं. रेलवे लाइनों के ऊपर 11 रेलवे ओवरब्रिज यानी ROB बनाने की योजना है. इसके अलावा स्थानीय सड़कों की आवाजाही को सुचारू रखने के लिए करीब 322 अंडरपास और लगभग 21 इंटरचेंज प्रस्तावित हैं. इन व्यवस्थाओं से एक्सप्रेसवे पर लंबी दूरी के ट्रैफिक को निर्बाध रखने में मदद मिलेगी.
आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे से मिलेगा कनेक्शन
वैशाली क्षेत्र में इस कॉरिडोर को आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है. दोनों एक्सप्रेसवे के जुड़ने से बिहार में हाई-स्पीड रोड नेटवर्क का दायरा बढ़ेगा. इससे यात्रियों के साथ माल ढुलाई और व्यावसायिक वाहनों को भी नए रूट का विकल्प मिल सकता है. पूर्णिया जिले में परियोजना के तहत 8 इंटरचेंज प्रस्तावित हैं. एक्सप्रेसवे को पूर्णिया एयरपोर्ट से जोड़ने की भी योजना है. इससे पूर्णिया के साथ आसपास के जिलों से एयरपोर्ट तक पहुंच आसान हो सकती है. परियोजना से जुड़े छह जिलों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ निर्माण कार्य को अलग-अलग पैकेज में शुरू करने की तैयारी है. यदि परियोजना तय समय के अनुसार पूरी होती है, तो Patna-Purnia Expressway सीमांचल और उत्तर बिहार की पटना से सड़क कनेक्टिविटी को काफी बेहतर कर सकता है.