Bihar Teacher Transfer 2026: शिक्षकों के सामान्य तबादले की तारीख बदली, अब 4 अक्टूबर से आवेदन
बिहार के सरकारी स्कूल शिक्षकों के सामान्य तबादले का संशोधित शेड्यूल जारी किया गया है. अब स्कूलवार रिक्तियों की सूची 1 अक्टूबर और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी.
TNP DESK: बिहार के सरकारी स्कूलों में कार्यरत उन शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण खबर है, जो सामान्य स्थानांतरण का इंतजार कर रहे हैं. शिक्षा विभाग ने सामान्य तबादले से जुड़ी समय-सारणी में बदलाव किया है. अब सितंबर की जगह अक्टूबर में शिक्षक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, राज्य में बाढ़ और आपदा की स्थिति के कारण स्थानांतरण के पहले और दूसरे चरण की प्रक्रिया में देरी हुई. इसका असर सामान्य तबादले के तीसरे चरण पर भी पड़ा है.
1 अक्टूबर को आएगी स्कूलवार रिक्तियों की सूची
सामान्य स्थानांतरण प्रक्रिया आगे बढ़ाने से पहले सरकारी स्कूलों में उपलब्ध शिक्षक पदों की संशोधित सूची प्रकाशित की जाएगी. पहले यह सूची 16 सितंबर को जारी होनी थी, लेकिन नई समय-सारणी के अनुसार अब इसका प्रकाशन 1 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा. इस सूची से शिक्षकों को यह पता चलेगा कि किन स्कूलों में उनके विषय या पद से संबंधित रिक्तियां उपलब्ध हैं. इसी के आधार पर शिक्षक स्थानांतरण के लिए विद्यालयों का विकल्प चुन सकेंगे.
4 से 10 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
सामान्य तबादले के लिए ऑनलाइन पोर्टल 4 अक्टूबर 2026 से खोला जाएगा. इच्छुक शिक्षक 10 अक्टूबर 2026 तक अपना आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकेंगे. पहले आवेदन की तारीख 17 से 23 सितंबर निर्धारित की गई थी. आवेदन करते समय शिक्षकों को उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर पसंदीदा विद्यालयों का विकल्प देना होगा. इसलिए आवेदन से पहले संशोधित स्कूलवार रिक्तियों की सूची देखना महत्वपूर्ण रहेगा.
16 नवंबर तक चलेगी स्थानांतरण प्रक्रिया
ऑनलाइन आवेदन समाप्त होने के बाद विभागीय स्तर पर आवेदनों की जांच और स्थानांतरण की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी. संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक यह कार्य 12 अक्टूबर से 16 नवंबर 2026 तक चलेगा. इस दौरान जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समिति के स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी. स्थानांतरण सूची जारी होने के बाद संबंधित शिक्षकों को नियमानुसार आपत्ति या अपील करने का अवसर भी दिया जाएगा.
शिक्षकों के लिए ये तारीखें हैं महत्वपूर्ण
नए शेड्यूल में 1 अक्टूबर को संशोधित स्कूलवार रिक्तियों का प्रकाशन, 4 से 10 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन और 12 अक्टूबर से 16 नवंबर तक विभागीय स्थानांतरण प्रक्रिया निर्धारित की गई है. ऐसे में सामान्य तबादले का इंतजार कर रहे शिक्षकों को अब संशोधित समय-सारणी के अनुसार आवेदन की तैयारी करनी होगी.