आरा (BHOJPUR) : भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के पास कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे चाचा-भतीजे पर हथियारबंद बदमाशों ने गोली चला दी. इस हमले में चाचा की मौत हो गई जबकि भतीजा घायल हो गया. घायल का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद इलाके में भय का माहौल उत्पन्न हो गया. परिजनों ने पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
रिश्ते में चाचा-भतीजा
मृतक की पहचान बबुरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव निवासी 45 वर्षीय सूरज राय, पिता सहदेव राय के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक दीपक कुमार, पिता सुदर्शन राय, उसी गांव का रहने वाला है. दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं.
बदमाशों ने उन पर गोलियां दाग दी
बताया जा रहा है कि दोनों कोर्ट में एक मामले की गवाही देकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान धर्मपुर गांव के बधार के समीप पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं. सूरज राय को बेहद करीब से सिर के पिछले हिस्से और दाहिने पेट में गोली मारी गई. गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. वहीं दीपक कुमार के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है. उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 रणजीत कुमार सिंह, कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र और सर्किल इंस्पेक्टर आशीष कुमार साह पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी.
हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश और पहले से चल रहे विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
घायल दीपक कुमार, मृतक के भांजे सतेंद्र कुमार और एसडीपीओ रणजीत कुमार सिंह का बयान भी सामने आया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

