करवाचौथ पर महिला कर रही थी पति का इंतजार, घर पहुंच फंदे से लटक गया सत्यवान, आरा में पत्नी पर कैंची से 150 वार
गुरुवार को देश भर में महिलाओं ने पति की लंबी उम्र की कामना के साथ करवाचौथ का व्रत किया लेकिन भोजपुर और बांका की दो घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया.
भोजपुर/बांका: गुरुवार को देश भर में महिलाओं ने पति की लंबी उम्र की कामना के साथ करवाचौथ का व्रत किया लेकिन भोजपुर और बांका की दो घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया. एक तरफ भोजपुर में जहां पति ने मामूली बात में पत्नी पर कैंची से ताबड़तोड़ वार कर दिया तो दूसरी तरफ बांका ने पति ने फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी. दोनों ही घटना के बाद परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पति ने कैंची से किया 150 वार
पहली घटना भोजपुर के नगर थाना क्षेत्र के बड़ी मठिया मोहल्ले की है जहां एक पति ने मामूली विवाद में अपनी पर चाकुओं से 150 से अधिक वार कर दिया. घटना में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने करीब 3 घंटे तक महिला को 150 से अधिक टांके लगाए. जख्मी महिला की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भकुरा निवासी पंकज ठाकुर की पत्नी राखी कुमारी के रूप में की गई.
रुपए के हेर फेर का था शक
मामले में महिला ने बताया कि खाना खाने के बाद मोबाइल देख रही थी. इसी दौरान पति आए और मोबाइल छीन कर फेंक दिया. उन्होंने मेरे खाते ने रखे डेढ़ लाख रूपये का हेर फेर करने का आरोप लगाया जिसके बाद मैने उन्हें कहा कि आप बैलेंस चेक कर लीजिए. मेरे पति अंग्रेजी बहुत कम समझते हैं इसलिए उन्होंने कुछ चेक किए बिना कैंची लेकर मेरे ऊपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. मैं उन्हें रोकती रही लेकिन वह नहीं रुके. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं दूसरी तरफ महिला के पिता ने बताया कि दामाद खूब शराब पीता है और मेरी बेटी के साथ मारपीट करता है. इस बात को लेकर कई बार पंचायत भी की गई लेकिन वह मानने के लिए तैयार नहीं है. फिलहाल महिला का इलाज जारी है.
आरोपी गिरफ्तार
मामले में नगर थानाध्यक्ष देवराज राय ने बताया कि घायल महिला के पिता ने अपने दामाद के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है.
पत्नी कर रही थी इंतजार, सत्यवान ने दे दी जान
दूसरी घटना बांका के जमदाहा थाना क्षेत्र के नैयासी टोला सरुआ गांव से सामने आई है जहां एक शराबी पति ने मामूली विवाद के बाद फांसी लगा कर अपनी जान दे दी. मृतक की पत्नी ने उसकी लंबी आयु के लिए करवाचौथ का वर्ग रखा था और मामूली विवाद में व्यक्ति ने अपनी जान दे दी. मृतक की कहचान उत्तर प्रदेश के संभल जिला के दौरे खास गांव निवासी सत्यवान माली के रूप में की गई. बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी ने करवाचौथ का व्रत किया था और वह देर शाम अपने पति का इंतजार कर रही थी. पति देर रात शराब के नशे में घर पहुंचा जिसके बाद पत्नी ने कह दिया कि आज शराब क्यों पी. इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई और कमरे में जा कर उसने फांसी लगा ली.
शराब के नशे में आया था घर
परिजनों ने बताया कि मृतक सत्यवान अपनी पत्नी के साथ ससुराल आया था जहां शाम में वह शराब पीने चला गया. इधर पत्नी अपना व्रत तोड़ने के लिए पति का इंतजार कर रही थी लेकिन पति शराब के नशे में घर पहुंचा. इसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद पति ने अपने कमरे में जा कर फांसी लगा ली. काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने दरवाजा तोड़ा जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.