भोजपुर में डबल मर्डर मामले में मृतक के परिजनों को मिलेगा मुआवजा, सीएम ने आरोपी के ख़िलाफ दिया सख्त कार्रवाई का निर्देश

दिवाली की रात बिहार के भोजपुर में मामूली विवाद में दो सगे भाइयों की मौत मामले का सीएम सम्राट ने संज्ञान लिया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतक के परिजनों को चार चार लाख रुपए अनुग्रह राशि देने की घोषणा करते हुए अधिकारियों को राशि जल्द प्रदान करने का निर्देश दिया

भोजपुर में डबल मर्डर मामले में मृतक के परिजनों को मिलेगा मुआवजा, सीएम ने आरोपी के ख़िलाफ दिया सख्त कार्रवाई का निर्देश

पटना: दिवाली की रात बिहार के भोजपुर में मामूली विवाद में दो सगे भाइयों की मौत मामले का सीएम सम्राट ने संज्ञान लिया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतक के परिजनों को चार चार लाख रुपए अनुग्रह राशि देने की घोषणा करते हुए अधिकारियों को राशि जल्द प्रदान करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को अन्य जख्मी लोगों का उचित और बेहतर इलाज करवाने का भी निर्देश दिया. सीएम सम्राट ने कहा कि घटना में शामिल आरोपी को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

बता दें कि दिवाली की रात भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामडीहरा गांव में सूर्य मंदिर में छठ गीत बजाने को लेकर विवाद में एक व्यक्ति ने स्कॉर्पियो से कई लोगों को रौंद दिया. घटना में दो सगे भाई दिनेश यादव और कमलेश यादव की मौत हो गईं जबकि करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए. घायलों की पहचान राजेश कुमार, रितु कुमार, कृष्णा कुमार और रमेश यादव सहित अन्य लोग के रूप में की गई.

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दिवाली की रात सूर्य मंदिर पर स्थानीय लोग छठ का गीत बजा रहे थे. इसी दौरान कुछ लोग स्कॉर्पियो से पहुंचे और गाना बंद करने के लिए कहा तथा धमकी दी. मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर थोड़ी देर बाद स्कॉर्पियो सवार वहां से चला गया. कहासुनी के बाद स्कॉर्पियो सवार वापस मौके पर पहुंचा और खड़ा हो कर बात कर रहे लोगों को रौंद दिया. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो ने लोगों को करीब 50 मीटर तक घसीटा भी और जब ग्रामीणों ने पीछा किया तो स्कॉर्पियो सवार भाग निकला. घटना में दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग जख्मी हो गए. मामले में पुलिस छानबीन में जुट गई है वहीं सीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए मृतक के परिजनों को अनुग्रह राशि देने की घोषणा की.