आरा (ARRAH) : भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले की जांच के लिए बिहार राज्य विधि आयोग की टीम शाहपुर पहुंची. सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विनोद कुमार सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और एनकाउंटर स्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली. परिवार ने दोषियों पर कार्रवाई और न्याय की मांग की है.
निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने का भरोसा
जांच की शुरुआत टीम ने मृतक भरत तिवारी के घर पहुंचकर की. वहां अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली. इस दौरान भरत तिवारी की मां ने अपने बेटे को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की. जांच टीम ने परिवार को निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने का भरोसा दिया.
उपलब्ध तथ्यों की भी समीक्षा
परिजनों से मुलाकात के बाद टीम कथित एनकाउंटर स्थल बिलौटी पहुंची. वहां अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर स्थानीय अधिकारियों से जानकारी ली. जांच टीम ने घटनास्थल पर मौजूद परिस्थितियों और उपलब्ध तथ्यों की भी समीक्षा की.
स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी
बिलौटी गांव में जांच टीम के पहुंचने से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है. ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अब निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने की आशा है. गांव में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
जांच रिपोर्ट पर टिकी नजरें
गौरतलब है कि भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर के बाद भोजपुर पुलिस को लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. हाल ही में आयोजित महापंचायत के दौरान भी लोगों ने इस मामले को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया था. अब सभी की नजरें विधि आयोग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद की जा रही है.

