भरत तिवारी के श्राद्ध और ब्रह्मभोज में जुटे लोग, भावुक हुआ परिवार, चंदन तिवारी बोले– इंसाफ का है इंतजार

भरत तिवारी के श्राद्ध और ब्रह्मभोज में जुटे लोग, भावुक हुआ परिवार, चंदन तिवारी बोले– इंसाफ का है इंतजार

आरा (BHOJPUR) : जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी का श्राद्धकर्म और ब्रह्मभोज आयोजित किया गया है. इस मौके पर बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए व्यापक तैयारियां की गई थी. कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गांव में बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए.

घर के समीप बड़ा टेंट लगाया गया

मेहमानों के स्वागत और भोजन की व्यवस्था के लिए बड़े पैमाने पर एलपीजी सिलेंडर और कोयले का उपयोग किया गया. वहीं, पीने के पानी की व्यवस्था के लिए पानी के टैंकरों के साथ-साथ बोतलबंद पानी भी उपलब्ध कराया गया. श्रद्धांजलि सभा के लिए भरत तिवारी के घर के समीप बड़ा टेंट लगाया गया. बारिश की संभावना को देखते हुए वाटरप्रूफ टेंट की भी व्यवस्था की गई थी.

परिजनों ने नम आंखों से श्राद्धकर्म संपन्न कराया

कार्यक्रम की तैयारियों में भरत तिवारी के परिजनों के साथ रिश्तेदार और स्थानीय समाजसेवकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई. परिजनों ने नम आंखों से श्राद्धकर्म संपन्न कराया. उनका कहना है कि विभिन्न जगहों से लोगों ने इस आयोजन में सहयोग भी किया है.

इस दौरान भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने एक बार फिर कथित पुलिस एनकाउंटर को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामले में क्या कार्रवाई हुई है. उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से न्याय मिलने की उम्मीद है.

अपने स्तर पर प्रतिमा बनवाने का प्रयास करेंगे

चंदन तिवारी ने भरत तिवारी की प्रतिमा निर्माण पर प्रशासन की रोक को लेकर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि प्रतिमा लगाने की मांग जनता की ओर से उठी थी. यदि प्रशासन इसकी अनुमति नहीं देता है तो परिवार और समर्थक अपने स्तर पर प्रतिमा बनवाने का प्रयास करेंगे.

परिजन लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे

गौरतलब है कि भरत भूषण तिवारी की मौत शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए कथित पुलिस एनकाउंटर में हुई थी. इस घटना के बाद से परिजन लगातार पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.