भोजपुर (BHOJPUR) : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रतनपुर ओवरब्रिज के समीप शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मियों पर कार सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना में सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम प्रबंधक राहुल कुमार समेत तीन कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.
लाठी-डंडों से हमला कर दिया
मिली जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में कार्यरत जिला कार्यक्रम प्रबंधक राहुल कुमार अपने दो अन्य कर्मियों के साथ कार्यालय से काम समाप्त कर कार से घर लौट रहे थे. इसी दौरान रतनपुर ओवरब्रिज के पास एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया. इसके बाद उसमें सवार आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया.
तीनों कर्मियों को गंभीर चोटें आईं
हमले में तीनों कर्मियों को गंभीर चोटें आईं शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए. घायलों को तुरंत इलाज के लिए आरा के आर.के. सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक कर्मी की हालत गंभीर बताई जा रही है.
हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के कर्मचारी और अधिकारी बड़ी संख्या में मुफस्सिल थाना पहुंचे. उन्होंने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया.
वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है
घायल कर्मियों ने बताया कि हमलावरों का उद्देश्य उन्हें जान से मारना था. हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से उनकी जान बच गई. घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है.
सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है
जिला शिक्षा पदाधिकारी मानवेंद्र कुमार राय ने बताया कि जिला कार्यक्रम प्रबंधक और दो अन्य कर्मियों पर जानलेवा हमला हुआ है. सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

