भरत तिवारी के परिजनों से मिले खेसारी लाल यादव, जानिए क्या कहा

भरत तिवारी के परिजनों से मिले खेसारी लाल यादव, जानिए क्या कहा

भोजपुर (BHOJPUR) : भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में अब भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव भी सामने आए हैं. रविवार को वह भरत तिवारी के गांव बिलौटी पहुंचे और उनके परिवार से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया और उनकी पीड़ा को करीब से समझने की कोशिश की.

खेसारी लाल यादव के गांव पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए. उनके स्वागत के लिए सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे. खेसारी ने सबसे पहले भरत तिवारी की मां से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. उन्होंने परिवार के सदस्यों से पूरी घटना की जानकारी ली और उनकी बातों को ध्यान से सुना.

मुलाकात के बाद खेसारी लाल यादव ने स्थानीय पत्रकारों से भी बातचीत की. उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने बेटे को खोना बेहद दुखद है. ऐसे मामलों में सच सामने आना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह परिवार के दुख में शामिल हैं और उनकी आवाज को आगे तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे.

खेसारी लाल यादव ने परिवार और वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “पहले आपको आंदोलन करना पड़ेगा. मैं आपके साथ हूं. जितना मेरे बस में होगा, मैं करूंगा. अगर यहां थाना आपकी बात नहीं सुन रहा है तो कम से कम बड़े स्तर पर आपकी आवाज जरूर पहुंचेगी.”

उनके इस बयान के बाद वहां मौजूद लोगों ने भी न्याय की मांग को लेकर अपनी बात रखी. खेसारी ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने और कानूनी लड़ाई लड़ने की अपील की.

गौरतलब है कि भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर पहले से ही राजनीतिक हलकों में चर्चा जारी है. विपक्ष लगातार सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहा है. वहीं सत्ता पक्ष के कुछ नेताओं ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. अब खेसारी लाल यादव के परिवार से मिलने के बाद इस मामले को लेकर जनचर्चा और तेज होने की संभावना है. परिवार को उम्मीद है कि उन्हें न्याय मिलेगा और मामले की सच्चाई सामने आएगी.