BREAKING: भोजपुर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो ट्रेलर की टक्कर में तीन की दर्दनाक मौत

BREAKING: भोजपुर में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो ट्रेलर की टक्कर में तीन की दर्दनाक मौत

भोजपुर (BHOJPUR): जिले में रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां बिहिया थाना क्षेत्र में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई है.यह हादसा आरा-बक्सर फोरलेन पर अमराई नवादा स्थित राही होटल के पास हुआ है, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा टकराई, जिसमें स्कॉर्पियो में बैठे तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं कई लोग घायल है.बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में बैठे कई लोग बुरी तरह फंस गए, क्योंकि स्कॉर्पियो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी.

स्कॉर्पियो ट्रेलर की टक्कर में तीन की दर्दनाक मौत

मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह आरा से बक्सर जा रही स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी. अमराई नवादा स्थित राही होटल के पास ड्राइवर का बैलेंस बिगड़ गया, जिसके बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई, जिससे यह भीषण सड़क हादसा हो गया. वहीं मौके पर अगल-बगल के लोग पहुंचे, जहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने सबसे पहले राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.लोगों की कड़ी मेहनत के बाद स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को निकाला गया और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई.

घायलो का अस्पताल में चल रहा है इलाज

हादसे की जानकारी मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों का बचाव कार्य तेजी से किया गया.पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए भेजा.वहीं कुछ लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है.इस सड़क हादसे में स्कॉर्पियो में बैठे तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है.घटना इतनी भीषण थी कि मृतकों की पहचान तक करना मुश्किल हो गया है.फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.वहीं सभी घायलों के परिजनों से पुलिस संपर्क करने की कोशिश में लगी हुई है.

हादसे के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है पुलिस

पुलिस फिलहाल हादसे के पीछे की वजह की जांच कर रही है.प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार होने की वजह से अनियंत्रित हो गई, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ.फिलहाल पुलिस अलग-अलग एंगल से पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि असल वजह का खुलासा हो सके.