भागलपुर (BIHAR) : जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं. मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव में दिनदहाड़े बदमाशों ने एक महिला और उसकी बेटी को बंधक बनाकर घर में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद इलाके में भय का माहौल व्याप्त है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है.
विरोध करने पर धमकाया
जानकारी के अनुसार, नूरपुर गांव निवासी रविशंकर कुमार की पत्नी नीतू देवी अपने घर के बाहर खड़ी थी. इसी दौरान तीन से चार युवक वहां पहुंचे और किसी बहाने से उन्हें घर के अंदर ले गए. घर में घुसते ही बदमाशों ने नीतू देवी की आंखों पर पट्टी बांध दी और उनसे अलमारी की चाबी मांगी. विरोध करने पर उन्हें धमकाया गया.
जेवर और नकदी लेकर नौ दो ग्यारह
इसी बीच नीतू देवी की बेटी स्कूल से घर पहुंची. बदमाशों ने उसे भी अपने कब्जे में लेकर एक तरफ बैठा दिया और चुप रहने की धमकी दी. इसके बाद बदमाशों ने आराम से अलमारी खोली और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, नकद रुपये तथा अन्य कीमती सामान निकाल लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए. हालांकि कुछ दूरी पर जाकर उन्होंने मोबाइल फेंक दिया और मौके से फरार हो गए.
बदमाशों के जाने के बाद नीतू देवी किसी तरह बाहर निकलीं और शोर मचाया. उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ने मौके का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके. वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही इस लूटकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.
लोगों में डर का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके के लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

