जमीन विवाद में चाचा ने भतीजा पर किया कुदाल से हमला, इलाज के दौरान हुई मौत, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

भागलपुर के पीरपैंती थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में कहासुनी के दौरान चाचा ने भतीजा पर कुदाल से हमला कर दिया. इलाज के दौरान जख्मी ने मायागंज अस्पताल में दम तोड़ दिया

जमीन विवाद में चाचा ने भतीजा पर किया कुदाल से हमला, इलाज के दौरान हुई मौत, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

भागलपुर: भागलपुर में जमीन विवाद में चाचा ने अपने ही भतीजे की हत्या कर दी जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई वहीं परिवार में कोहराम मच गया. घटना भागलपुर के पीरपैंती थाना क्षेत्र के अठनिया गांव की है. घटना के बाद आरोपी चाचा फरार बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार मृतक राधे कुमार पर उसके चाचा प्रकाश मंडल ने महेंद्र मंडल, राजेश मंडल और दीपक मंडल के साथ मिल कर कुदाल से हमला कर दिया था जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था. उसे इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां बीती रात उसने दम तोड़ दिया. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. बताया जा रहा है कि मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था.

लंबे समय से चल रहा था जमीन विवाद

परिजनों ने बताया कि चाचा और भतीजा के बीच लंबे समय से करीब दो डिसमिल जमीन के लिए विवाद चल रहा था. सोमवार को उसी जमीन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान चाचा ने मृतक पर कुदाल से हमला कर दिया था जिससे उसके सिर और छाती में गंभीर चोट लगी थी. घटना के बाद परिजनों ने उसे मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया था जहां इलाज के दौरान उसने बीती रात दम तोड़ दिया.

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मृतक के परिजनों ने मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों ने कहा कि सोमवार के दिन में करीब दो बजे पीरपैंती थाना में आवेदन दिया था लेकिन पुलिस ने न तो कोई कार्रवाई की और न ही घटनास्थल पर पहुंची. मृतक के भाई राम कुमार मंडल का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे, तो उन्हें पहले घायल भाई का इलाज कराने और बाद में मामले को देखने की बात कही गई.

हत्या के बाद घर से फरार होने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी चाचा घर का सामान लेकर फरार हो गए. वहीं, राधे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

दूसरे दिन घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना के दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सके. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.