भागलपुर (BIHAR) : जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारात में जा रहे दो युवक की जान चली गई है जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है.इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारो का रो- रोकर बुरा हाल है.
सड़क हादसे में गई जान
जानकारी के अनुसार, जगन्नाथपुर के रहने वाले तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जमालपुर में एक बारात में शामिल होने जा रहे थे. जब उनकी बाइक सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मीरहट्टी फोरलेन के पास पहुंची तभी अचानक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार सुजीत कुमार और मिथिलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.
तीसरे शख्स की हालत गंभीर
वहीं, तीसरे युवक सदानंद मंडल इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही सुलतानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार बाइक अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंच गए. दोनों युवकों की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में भी मातम पसरा हुआ है. जो युवक खुशी-खुशी बारात में शामिल होने निकले थे, वे कभी वापस नहीं लौट सके.
पुलिस ने लोगों से सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने और क्षमता से अधिक लोगों को एक ही वाहन पर सवार नहीं करने की अपील की है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की आवश्यकता को उजागर कर दिया है.

