मौत से पहले इंस्टाग्राम पर वीडियो, भागलपुर की छात्रा के आरोपों की जांच में जुटी पुलिस

भागलपुर (BHAGALPUR) :  बिहार के भागलपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. किराये के मकान में रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रही 16 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर जहर खा लिया. जहर खाने के बाद उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर मकान मालिक के परिवार पर प्रताड़ना का आरोप लगाया. अस्पताल में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इंस्टाग्राम वीडियो समेत सभी साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है.

मृतका की पहचान कटहारा कुमारपुर, बाथ थाना क्षेत्र निवासी सुनील कुमार की पुत्री शिवानी कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ महीनों से भागलपुर में किराये के मकान में रहकर इंटर की पढ़ाई कर रही थी.

अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो पोस्ट किए

जानकारी के अनुसार, जहर खाने के बाद शिवानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो पोस्ट किए. वीडियो में उसने कहा कि उसने जहर खा लिया है और इसके लिए उसी मकान में रहने वाले लालमोहन ठाकुर, उनकी पत्नी तथा उनकी पुत्री जाह्नवी शर्मा को जिम्मेदार ठहराया। छात्रा ने आरोप लगाया कि पिछले दस दिनों से उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी.

छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी

इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली. इसके बाद परिवार के सदस्य तुरंत भागलपुर पहुंचे, लेकिन तब तक छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी.

फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने साक्ष्य जुटाए

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.

सभी तथ्यों की जांच की जा रही है

पुलिस का कहना है कि छात्रा के इंस्टाग्राम वीडियो, परिजनों के आरोप और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच की जा रही है. पुलिस ने कहा है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह समाचार पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रारंभिक जानकारी, परिजनों के आरोपों और सार्वजनिक रूप से सामने आए तथ्यों पर आधारित है.  इंस्टाग्राम वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही सामने आएंगे. The News Post आत्महत्या या आत्महत्या के प्रयास को बढ़ावा देने वाली किसी भी सामग्री का समर्थन या प्रचार नहीं करता. यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्मघाती विचारों से जूझ रहा है, तो कृपया अपने परिवार, किसी भरोसेमंद व्यक्ति या प्रशिक्षित मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत सहायता लें. समय पर मदद जीवन बचा सकती है.