भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में नीतीश मिश्रा ने किया झंडोत्तोलन, गिनाईं बिहार सरकार की उपलब्धियां

भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में स्वतंत्रता दिवस पर प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने झंडोत्तोलन किया. उन्होंने शिक्षा, श्रावणी मेला टेंट सिटी और सरकार की विकास योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं.

भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में नीतीश मिश्रा ने किया झंडोत्तोलन, गिनाईं बिहार सरकार की उपलब्धियां

भागलपुर (BHAGALPUR): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड मैदान में मुख्य समारोह पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सह भागलपुर जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने झंडोत्तोलन किया और तिरंगे को सलामी दी.

विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

समारोह में भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे, आईजी विवेक कुमार, एसएसपी प्रमोद यादव सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे. झंडोत्तोलन के बाद प्रभारी मंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए केंद्र और बिहार सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने सरकार की कई उपलब्धियों का भी जिक्र किया.

भागलपुर के साथ-साथ पूरे बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि

प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने अपने संबोधन में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर की धरती से 211 डिग्री कॉलेज की शुरुआत की जो भागलपुर के साथ-साथ पूरे बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि है. इससे राज्य में उच्च शिक्षा की सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा.

श्रावणी मेले  में की गई व्यवस्थाओं का भी उल्लेख

मंत्री ने विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से पहली बार शिवभक्तों और कांवरियों के ठहरने के लिए टेंट सिटी का निर्माण कराया गया. भागलपुर के साथ बांका और मुंगेर जिले में भी टेंट सिटी की व्यवस्था की गई ताकि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए परेशानी नहीं हो.

सैंडिस कंपाउंड में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचे और शहरों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सैंडिस कंपाउंड में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला.